पटेढ़ी बेलसर : प्रखंड का एक मात्र पंचायत भवन बन कर तैयार है. निर्माण कार्य पूरा हुए करीब छह माह बीत चुके है, फिर भी भवन उद्घाटन के इंतजार में है. इस भव्य भवन में एक छत के नीचे ही पंचायती राज से जुड़े सभी कर्मियों का कार्यालय होगा. संवेदक ने कार्य पूर्ण होने के बाद भवन की चाबी भी सौंप चुके है, लेकिन अब तक इस आधुनिक भवन चालू नहीं हो सका. मिश्रौलिया अफजलपुर पंचायत के अफजलपुर गांव में बने पंचायत सरकार भवन से लोगो को उम्मीद जगी है कि काम के लिए अब इधऱ-उधर भटकना नहीं पड़ेगा. अब तक पंचायत कार्यालय मुखिया के आवास या पंचायत सचिव के निजी कार्यालय में संचालित होता रहा है.
एक-एक सचिव को कई-कई पंचायत के प्रभार में होने के कारण उनसे मुलाकात करना मुश्किल होता है. इस पंचायत सचिवालय में मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, राजस्व कर्मी, इंदिरा आवास सहायक, विकास मित्र सहित सभी पंचायत अधिनिष्ठ कर्मी की बैठने की जगह है.
शौचालय से लेकर किचेन तक की व्यवस्था है. पटेढ़ी बेलसर प्रखंड के आधे से अधिक पंचायतों में पंचायत भवन उपलब्ध नहीं है. इस एक मात्र भवन से छह पंचायतों का कार्य सुचारू होगा. तकरीबन 77 लाख रूपए की लागत से निर्मित पंचायत सरकार भवन को चालू होने से लोगो को कर्मियों की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा. उनकी जरूरी की कार्यों का निष्पादन एक छत के नीचे हो सकेगा.
