बिदुपुर : बिदुपुर थाने की पुलिस ने गुरुवार की रात महेश्वरपुर गांव में चिमनी के समीप स्थित एक बगीचे में छापेमारी कर एक कंटेनर पर लोड 386 कार्टन शराब को जब्त कर लिया. पुलिस ने मौके से पांच लग्जरी गाड़ी, एक पिकअप वैन व दो बाइक को भी जब्त किया है. हालांकि पुलिस के पहुंचते ही धंधेबाज अंधेरे का लाभ उठा कर मौके से भाग निकलने में सफल रहे. बरामद शराब की कीमत लगभग बीस लाख रुपये बतायी गयी है.
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महेश्वरपुर गांव में चिमनी के समीप एक बगीचे में विदेशी शराब की बड़ी खेप मंगायी गयी है और धंधेबाज उसे ठिकाने लगा रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वहां छापेमारी की. पुलिस के पहुंचते ही सभी धंधेबाज अंधेरे का लाभ उठा कर मौके से भाग निकले.
पुलिस ने वहां से नगालैंड नंबर की कंटेनर व उस पर लोड 386 कार्टन शराब को जब्त कर लिया. छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष के अलावा एसआई रामकृष्ण परमहंस, राम सुरेश राम, रविंद्र सिंह, सहायक अवर निरीक्षक जय किशोर सिंह, जय कुमार सिंह, नीरज कुमार, विश्वनाथ सिंह, चालक धर्मेंद्र कुमार, सचितानंद सिंह आदि शामिल थे.
पुलिस ने मौके से दो स्कॉर्पियो, एक बोलेरो, एक ऑल्टो, एक इंडिगो मांजा, एक पिकअप वैन के अलावा दो बाइक को भी जब्त किया है. पुलिस के अनुसार कंटेनर से मंगायी गयी शराब की खेप को इन गाड़ियों से ही खपाने की योजना थी, लेकिन ऐन मौके पर पुलिस की छापेमारी से धंधेबाजों को वहां से भागना पड़ा.
क्या कहती है पुलिस
386 कार्टन विदेशी शराब के साथ पांच लग्जरी गाड़ियां, एक कंटेनर, एक पिकअप वैन व दो बाइक को जब्त किया गया है. गाड़ी के कागजात के आधार पर वाहन मालिकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा रही है.
विनय प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष बिदुपुर
