हाजीपुर/भगवानपुर : भगवानपुर थाना क्षेत्र के रामपुर असुरार गांव के एक युवक की सड़क हादसे में हुई मौत के बाद परिजनों ने गुरुवार की सुबह हत्या का आरोप लगाते हुए हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22 को जाम कर दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को समझा कर शांत कराया.
मिली जानकारी के अनुसार बीते बुधवार को रामपुर असुरार निवासी मनोज महतो की मुजफ्फरपुर जाने के क्रम में तुर्की ओपी क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गयी थी. सूचना पर पहुंची तुर्की ओपी की पुलिस ने उसके पास से मिले मोबाइल व अन्य कागजातों से उसकी पहचान कर इसकी सूचना परिजनों को दी थी.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था. गुरुवार की सुबह परिजनों ने उसकी हत्या का आरोप लगाते हुए रतनपुरा के समीप शव के साथ एनएच 22 को जाम कर दिया.
परिजन व ग्रामीणों का आरोप था कि मनोज की हत्या की गयी और तुर्की पुलिस उसकी हत्या की घटना को दुर्घटना का रूप दे रही है. सड़क जाम की सूचना पर भगवानपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गये. उन्होंने काफी मशक्कत के बाद सभी को समझा कर शांत कराया.
हंगामा शांत होने के बाद भगवानपुर थानाध्यक्ष पंचायत के जनप्रतिनिधियों व परिजन के साथ तुर्की ओपी पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. वहां तुर्की पुलिस ने बताया कि मनोज जिस ऑटो से मुजफ्फरपुर की ओर जा रहा था, उसकी किसी ट्रक से टक्कर हो गयी थी.
इस घटना में मनोज महतो गंभीर रूप से घायल हो गया था. ऑटो वाला उसे इलाज के लिए मुजफ्फरपुर की ओर जा ही रहा था कि रास्ते में उसकी मौत हो गयी. इसके बाद चालक शव को सड़क किनारे फेंक कर भाग निकला. सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के मुजफ्फरपुर भेजने के बाद इसकी सूचना परिजनों को दी थी.
