हाजीपुर : बिहार के हाजीपुर में लालगंज थाना क्षेत्र की सिरसा वीरन पंचायत के वार्ड नंबर 15 में मंगलवार की देर शाम ताड़ी नहीं पिलाने पर बदमाशों ने ताड़ी दुकानदार बाप-बेटे को मारपीट कर जख्मी कर दिया तथा दुकान में आग लगा दी. मारपीट के दौरान बदमाशों ने गले से सोने की चेन, दो हजार रुपये नकद आदि भी छीन कर भाग निकले. इसकी शिकायत पीड़ित दुकानदार ने लालगंज पुलिस से की है.
घटना के संबंध में ताड़ी दुकानदार सुरेश पासवान ने बताया कि बीते मंगलवार की शाम वह अपनी ताड़ी दुकान पर बैठा हुआ था. इसी बीच लालगंज की ओर से तीन बाइक पर सवार भगवानपुर प्रखंड के वफापुर शर्मा निवासी बबलू महतो, अनिल महतो व ननवीर महतो वहां पहुंचे और ताड़ी की पिलाने को कहा. आरोप है कि सुरेश ने जब उन लोगों को बताया कि ताड़ी खत्म हो चुकी है तो सभी आक्रोशित हो गये तथा सुरेश और उसके पुत्र के साथ मारपीट करने लगे. मारपीट के दौरान बदमाशों ने सुरेश के गले से सोने का चैन और दो हजार रुपये समेत अन्य सामान छीन लिया.
वहीं जाते जाते उक्त सभी ने उसकी झोपड़ीनुमा दुकान में आग लगा दी. इस घटना में उसकी दुकान पूरी तरह जल गयी. सुरेश ने बताया कि इस घटना में उसे लगभग चालीस हजार रुपये का नुकसान हुआ है. घटना की शिकायत लालगंज पुलिस से की गयी है.
