राघोपुर : जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर बरारी टोला में मंगलवार की सुबह लगभग दस बजे गेहूं की दौनी के दौरान थ्रेसर से निकली चिनगारी से गेहूं के खलिहान में आग लग गयी. आग की तेज लपटों ने हजारों बोझा गेहूं को अपनी चपेट में ले लिया.
इसकी तेज लपटें देख वहां बड़ी संख्या में आसपास के लोग जुट गये. घंटों मशक्कत के बाद लोगों ने आग पर काबू पाया. जानकारी के अनुसार सुबह वीरपुर बरारी टोला के खलिहान में थ्रेसर से गेहूं की दौनी की जा रही थी.
दौनी के दौरान थ्रेसर से निकली चिनगारी से समीप के गेहूं के बोझे में आग लग गयी. वहां मौजूद लोग जब तक आग बुझाने का प्रयास करते आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते आसपास के खलिहान में रखे गेहूं के बोझा को आग की लपटों ने अपनी चपेट में ले लिया. ग्रामीणों ने चापाकल और पंपसेट की मदद से घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
अगलगी की इस घटना में वीरपुर निवासी शिवचंद्र राय, जयचंद्र राय, वीरेंद्र राय, रविंद्र राय, राम राय, कैलाश राय आदि किसानों की लगभग दस एकड़ में लगी गेहूं के बोझा को खलिहान में रखा था, जो इस घटना में जल कर राख हो गये. पीड़ित बिजेंद्र राय ने बताया कि गेहूं की सारी फसल जलकर राख हो गयी. अब खाने के लाले पड़ गये हैं. इस घटना के बाद पीड़ित परिजनों का रो-रोकर हाल-बेहाल है.
