अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए 72 घंटे का दिया अल्टीमेटम
हाजीपुर : नगर थाना क्षेत्र के यादव चौक के समीप स्थित सुरभि ज्वेलर्स में बीते शनिवार की शाम हुई दो करोड़ रुपये की लूट की घटना से स्वर्णकारों में जबर्दस्त आक्रोश व्याप्त है. स्वर्णकार संघ के बैनर तले स्वर्ण व्यवसायी गत तीन दिनों से अपनी-अपनी दुकान बंद कर प्रशासन के विरोध में आक्रोश मार्च निकाल कर प्रदर्शन कर रहे हैं.
साथ ही धरना देकर विरोध जता रहे हैं. स्वर्णकार संघ के प्रतिनिधि मंडल ने डीजीपी को भी मांगों का ज्ञापन सौंपा है. मंगलवार को स्वर्णकारों ने हाजीपुर में अपनी दुकानें बंद कर गुदरी रोड में धरना दिया. धरना सभा में वक्ताओं ने कहा कि हाल के दिनों में स्वर्ण व्यवसायियों के साथ लूटपाट की घटनाएं काफी बढ़ गयी हैं. अपराधी लगातार स्वर्णकारों को टारगेट कर रहे हैं.
इसके बावजूद न तो उनलोगों को सुरक्षा मुहैया करायी जा रही है और न ही आत्मरक्षा के लिए आर्म्स लाइसेंस. वक्ताओं ने अपराधियों की गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी सजा देने की भी मांग कर रहे थे. संघ के जिलाध्यक्ष कृष्णा भगवान सोनी ने बताया कि डीजीपी ने संघ की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और उनकी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है.
स्वर्ण व्यवसायियों ने प्रशासन को 72 घंटे के अंदर अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर तेज आंदोलन की चेतावनी दी है. धरना की अध्यक्षता हाजीपुर नगर अध्यक्ष श्याम प्रसाद सोनी ने की तथा संचालन राजू सोनी ने किया. इस अवसर पर कन्हैया कुमार, सुधीर सर्राफ, अजीत कुमार, विनोद कुमार, संतोष कुमार, चुन्नू कुमार, बच्चा बाबू साह, श्रीबाबू साह आदि मौजूद थे.
