सफलता. उत्पाद विभाग और बिदुपुर थाने की पुलिस ने की संयुक्त छापेमारी
हाजीपुर/बिदुपुर : उत्पाद विभाग एवं बिदुपुर थाना की पुलिस ने शनिवार को बिदुपुर थाना क्षेत्र के दाउदनगर गांव में संयुक्त रूप से छापेमारी कर 114 कार्टन विदेशी शराब और 35 किलो गांजा बरामद किया है. इस सिलसिले में टीम ने मौके पर चार धंधेबाज को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार चारों धंधेबाज बिदुपुर थाना क्षेत्र के दाउदनगर गांव के रहने वाले है. जिसमें सहोदर दो भाई शामिल हैं. गिरफ्तार धंधेबाजों में जामुन राय का पुत्र केदार राय और भोलटेन राय तथा रामानंद राय का पुत्र संतोष कुमार और राकेश कुमार शामिल हैं.
संतोष कुमार और राकेश कुमार रिश्ते में केदार राय का भतीजा बताया गया है. बरामद शराब के सभी कार्टन रॉयल स्टैग ब्रांड की विदेशी शराब है. सभी बोतलों पर सेल फॉर वनली हरियाणा अंकित है. सूत्रों के अनुसार जब्त शराब की कीमत 13.68 लाख रुपए बतायी गयी है. उत्तम किस्म की गांजा की कीमत 2.10 लाख बतायी गयी है.
जानकारी के अनुसार उत्पाद अधीक्षक को सूचना मिली थी कि दाउदनगर गांव में एक घर में विदेशी शराब की बड़ी खेप उतारी गयी है. धंधेबाज वहां से शराब की बिक्री कर रहा है. उत्पाद पुलिस ने सूचना के आधार पर पहले रेकी करायी. इसके बाद उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. टीम में उत्पाद इंस्पेक्टर अजय शंकर सहाय, अवर निरीक्षक गुंजेश कुमार, सिद्धार्थ कुमार, महिला आरक्षी हेमलता कुमारी, प्रीति कुमारी, सैप के जवान अशंवत कुमार झा, सुमन कुमार सिंह, अरुण कुमार मिश्रा, अखिलेश सिंह, राजकिशोर सिंह, सीवेंद्र प्रसाद को शामिल किया गया. टीम बिदुपुर थाने पर पहुंची और थानाध्यक्ष ललन प्रसाद चौधरी के नेतृत्व में थाने से अतिरिक्त पुलिस बल को टीम में शामिल किया.
दोपहर में टीम लाव – लस्कर के साथ दाउदनगर गांव में पहुंची. धंधेबाज केदार राय के घर की घेराबंदी करने के बाद घर की तलाशी शुरू की. इसी क्रम में घर के अंदर एक कोठरी में छुपा कर रखे गये 114 कार्टन विदेशी शराब एवं 34 किलो गांजा बरामद किया गया. इधर छापेमारी कर रही पुलिस को देखते ही धंधेबाज मौके से भागने लगा, लेकिन पहले से चौकस और घर की चारों तरफ से घेराबंदी कर रखी टीम के सदस्यों ने भाग रहे धंधेबाज केदार राय को पहले धर दबोचा.
इसके बाद तीन अन्य को पकड़ लिया. हालांकि दो धंधेबाज मंगल राय एवं भुकुल राय पुलिस को चकमा दे कर भागने में सफल रहा. उत्पाद पुलिस ने चारों धंधेबाजों को गिरफ्तार कर हाजीपुर कार्यालय लेकर आ गयी. देर शाम तक धंधेबाजों से पूछताछ की जा रही थी. धंधेबाजों की निशानदेही पर शराब के अवैध धंधे से जुड़े अन्य सदस्यों को पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी के लिए निकल गयी थी.
बाइक समेत लाखों रुपये की आभूषण की चोरी : हाजीपुर
सदर थाना क्षेत्र के अफजलपुर धोवघट्टी गांव निवासी भरत साह की बाइक की डिक्की में रखे सवर्ण आभूषण समेत बाइक की चोरी. दर्ज प्राथमिकी में बताया गया कि शुक्रवार को जब वे बेलकुंडा स्थित अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे. इसी दौरान बेरई चौर स्थित बीएड कॉलेज के निकट बाइक खड़ी कर के शौच करने लगे. इसी दौरान अज्ञात चोरों द्वारा बाइक की चोरी कर ली गयी. उक्त बाइक के डिक्की में सोने का एक जोड़ा टॉप्स एवं दो जोड़ा बाली था. उक्त मामले में थाने में प्राथमिकी दर्ज कर अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए संबंधित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. स्वर्ण आभूषण की कीमत हजारों रुपये बतायी जा रही है.
जब्त सभी 114 कार्टन में रॉयल स्टैग ब्रांड की है विदेशी शराब
उत्तम किस्म के बरामद 35 किलो गांजे की कीमत 2.10 लाख रुपये
बिदुपुर थाने के दाउदनगर गांव के रहने वाले है चारों धंधेबाज
क्या कहते हैं उत्पाद अधीक्षक
बिदुपुर थाना क्षेत्र के दाउदनगर गांव में शराब की चोरी-छीपे बिक्री की जा रही थी. बिदुपुर थाना की पुलिस एवं उत्पाद पुलिस की एक टीम बनायी गयी. टीम दाउदनगर गांव स्थित एक घर पर छापेमारी की. घर की तलाशी के दौरान 114 कार्टन विदेशी शराब एवं 35 किलो गांजा बरमाद किया गया है. इस सिलसिले में टीम ने मौके से चार धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है. बरामद शराब हरियाणा निर्मित है, जिसकी कीमत 13.68 लाख है. जब्त गांजा की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 2.10 लाख आंकी गयी है.
अरविंद कुमार, उत्पाद अधीक्षक, वैशाली
