Supaul Nursery : सुपौल नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 09 में ‘वियोगी बागवानी’ का शुभारंभ फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया गया. उद्घाटन समारोह में पूर्व जिला कृषि पदाधिकारी प्रवीण कुमार झा, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेन्द्र ऋषिदेव, प्रगतिशील किसान राजेन्द्र यादव, प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार तथा बागवानी संचालक योगेंद्र कुमार वियोगी मौजूद रहे. कार्यक्रम के बाद अतिथियों का फूल-माला और अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया.
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
पूर्व जिला कृषि पदाधिकारी प्रवीण कुमार झा ने कहा कि ‘वियोगी बागवानी’ केवल एक पौधशाला नहीं, बल्कि समाज और विशेषकर युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की सराहनीय पहल है. उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और बदलते पर्यावरणीय हालात के बीच पौधों की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है. पौधे न केवल शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी अहम योगदान देते हैं.
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने की अपील
प्रवीण कुमार झा ने प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए सभी लोगों से कम-से-कम एक पौधा लगाने का आग्रह किया. उन्होंने विशेष रूप से फलदार पौधों के रोपण को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ किसानों और आम लोगों को भी दीर्घकालिक लाभ मिलेगा.
बागवानी से बढ़ेगी किसानों की आय
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेन्द्र ऋषिदेव ने कहा कि बागवानी को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है. इससे पर्यावरण सुरक्षित रहेगा और किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी. उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक फलदार एवं छायादार पौधे लगाने का आह्वान किया, ताकि हरियाली बढ़ने के साथ आर्थिक लाभ भी मिल सके.
नर्सरी में उपलब्ध हैं कई प्रजातियों के पौधे
बागवानी के संचालक योगेंद्र कुमार वियोगी ने बताया कि उनकी नर्सरी में सैकड़ों प्रजातियों के फलदार, औषधीय और सजावटी पौधे उपलब्ध हैं. उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण पौधे उपलब्ध कराने के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है. उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, किसान और पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे.
