जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, डीएम को सौंपा ज्ञापन

बरसात के मौसम में सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की समस्या इतनी बढ़ जाती है कि लोगों का आवागमन लगभग ठप हो जाता है

सुपौल. सदर प्रखंड अंतर्गत बरूआरी पंचायत में वर्षों से बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है. सोमवार को युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जिला पदाधिकारी के नाम एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से लक्ष्मण कुमार झा ने बताया कि बरूआरी पंचायत के वार्ड नंबर 1 और 3 के बीच स्थित सड़क पिछले लगभग 4 वर्षों से जर्जर अवस्था में है. खासकर बरसात के मौसम में सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की समस्या इतनी बढ़ जाती है कि लोगों का आवागमन लगभग ठप हो जाता है. उन्होंने बताया कि इसी सड़क के किनारे हरिजन विद्यालय स्थित है, जहां पढ़ने जाने वाले बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. हालात ऐसे हैं कि छोटे बच्चे बिना अभिभावक के स्कूल जाने से कतराते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है. यह सड़क न केवल वार्ड 1 और 3, बल्कि वार्ड 4 सहित आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए मुख्य मार्ग है. ऐसे में इसकी बदहाल स्थिति से आधे गांव की आबादी प्रभावित हो रही है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क का जल्द से जल्द नालायुक्त पक्की सड़क के रूप में निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. इस मौके पर मुकेश कुमार सिंह, जोगी ठाकुर, कन्हैया सिंह, फूलचंद देवी, कविता देवी, निर्या देवी, शिव ठाकुर समेत कई ग्रामीण उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >