नगर पंचायत के वार्ड संख्या 10 स्थित ब्रह्मशंकरी स्थान में लगातार 20वें वर्ष श्रीगणेश पूजा की शुरुआत की गयी. मंगलवार की देर शाम भव्य पंडाल में भगवान गणपति की पूजा-अर्चना के बाद आरती की गयी. इस दौरान बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु पहुंचीं. भक्तों ने ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया.
15 दिनों से चल रही थी पूजा की तैयारी
गणेश पूजा को लेकर पिछले 15 दिनों से तैयारियां चल रही थीं. भव्य पंडाल निर्माण में स्थानीय और बाहरी कलाकारों की टीम पिछले आठ दिनों से दिन-रात जुटी हुई थी. पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए विशेष सजावट की गयी है.
एसडीएम ने किया था पंडाल का निरीक्षण
पूजा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने भी पूजा पंडाल का निरीक्षण किया था. उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक न्यूनतम व्यवस्थाओं की जानकारी ली और पूजा समिति के सदस्यों को जरूरी निर्देश दिये थे.
51 किलो लड्डू का लगाया गया भोग
पूजा के पहले दिन मंगलवार की देर शाम भगवान गणपति को 51 किलो लड्डू का भोग लगाया गया. आरती के दौरान महिलाओं की काफी भीड़ रही. आरती के बाद महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग काउंटर बनाकर प्रसाद का वितरण किया गया.
सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण का केंद्र
पंडाल के मुख्य द्वार के पूर्वी हिस्से में आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है. पूजा में पहुंचे श्रद्धालुओं को यहां सेल्फी लेते देखा गया. पंडाल की सजावट और सेल्फी प्वाइंट श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.
पांच दिनों तक चलेगा पूजा समारोह
पूजा समिति के अध्यक्ष विष्णु कुमार उर्फ भोला ने बताया कि पांच दिनों तक भव्य गणेश पूजा का आयोजन होगा. पूजा के दौरान जागरण का कार्यक्रम भी रखा गया है. विसर्जन के दिन आकर्षक झांकी निकाली जायेगी, जो शहर का भ्रमण करते हुए हाहिया धार पहुंचेगी. इसके बाद विधि-विधान से भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जायेगा.
