हत्या के बाद बढ़ा तनाव, विधायक ने परिजनों को समझाकर कराया अंतिम संस्कार के लिए तैयार
वीरपुर.नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 05 स्थित बॉर्डर रोड पर ताबड़तोड़ फायरिंग में 32 वर्षीय युवक की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना रहा. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस द्वारा शव परिजनों को सौंप दिया गया था, लेकिन परिजन और ग्रामीण आरोपी के एनकाउंटर की मांग को लेकर शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर रहे थे.पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे विधायक
घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा के छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह बनैलीपट्टी पंचायत के वार्ड संख्या 03 स्थित मुंशी पिपराही गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की. विधायक ने परिजनों से शव का अंतिम संस्कार नहीं करने का कारण पूछा. परिजनों ने कहा कि जिस तरह उनके बेटे की गोली मारकर हत्या की गयी है, उसी तरह आरोपी का भी एनकाउंटर किया जाए.
कानून पर भरोसा रखने की दी सलाह
विधायक ने स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार को धैर्य रखने तथा कानून पर भरोसा करने की सलाह दी. उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन और ग्रामीण शव के अंतिम संस्कार के लिए तैयार हो गये.दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा : विधायक
इस दौरान विधायक नीरज कुमार सिंह ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है. उन्होंने बताया कि मामला सीमावर्ती क्षेत्र का है और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है. एसएसबी के जवान भी जांच और कार्रवाई में जुटे हुए हैं. उन्होंने कहा कि घटना की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.विधायक ने कहा, “जो भी अपराधी इस घटना में शामिल होगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. सुशासन की सरकार में अपराधियों को जेल जाना ही पड़ेगा. स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को सजा दिलायी जाएगी. “
