15 दिनों में खाली करें सरकारी क्वार्टर, नहीं तो होगी कार्रवाई

अधिकांश पदाधिकारी और कर्मचारी सेवानिवृत्त होकर यहां से जा चुके हैं. इसके बावजूद क्वार्टर खाली नहीं किए गए

वीरपुर. नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 स्थित आई-टाइप कॉलोनी में अतिक्रमण को लेकर जल संसाधन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. सिंचाई यांत्रिक प्रमंडल पदाधिकारी द्वारा नोटिस जारी कर अतिक्रमित सरकारी क्वार्टर को 15 दिनों के भीतर खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोसी योजना की जमीन पर बने इन सरकारी क्वार्टरों में स्थापना काल से ही लोग निवास करते आ रहे हैं. हालांकि समय के साथ कोसी परियोजना से जुड़े अधिकांश पदाधिकारी और कर्मचारी सेवानिवृत्त होकर यहां से जा चुके हैं. इसके बावजूद क्वार्टर खाली नहीं किए गए, बल्कि कई लोगों ने इन्हें अवैध रूप से अपने कब्जे में रख लिया है. बताया जा रहा है कि वर्तमान समय में इन क्वार्टरों में रहने वाले लगभग 95 प्रतिशत लोग कोसी योजना से जुड़े नहीं हैं. कई स्थानों पर बंद पड़े क्वार्टरों के ताले तोड़कर जबरन कब्जा कर लिया गया है, जबकि कुछ लोगों ने इन सरकारी आवासों को किराये पर देकर अवैध रूप से पैसे वसूलने का काम शुरू कर दिया है. स्थिति यह भी है कि अधिकांश कब्जाधारी बिजली बिल का भुगतान नहीं कर रहे हैं, जिससे सरकार को आर्थिक नुकसान हो रहा है. विभागीय सूत्रों के अनुसार, पिछले एक वर्ष से अतिक्रमित सरकारी आवासीय भवनों और परिसरों को खाली कराने के निर्देश दिए जा रहे थे, लेकिन अब इस दिशा में सख्ती बढ़ा दी गई है. विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित 15 दिनों की अवधि के भीतर क्वार्टर खाली नहीं करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >