50 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक व नकदी बरामद
पुलिस ने थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर पंचायत अंतर्गत भगवानपुर वार्ड संख्या 04 में छापेमारी कर 50 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है.
– गुप्त सूचना पर भगवानपुर में छापेमारी, इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन और अन्य सामान भी जब्तवीरपुर
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वीरपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर पंचायत अंतर्गत भगवानपुर वार्ड संख्या 04 में छापेमारी कर 50 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान नकदी, इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, मोबाइल फोन और एक बाइक भी बरामद की गई है. मामले की जानकारी देते हुए वीरपुर के एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि भगवानपुर वार्ड संख्या-04 स्थित एक घर में मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है. सूचना के आधार पर प्रभारी थानाध्यक्ष जैनेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई.
झोपड़ीनुमा घर से मिली ब्राउन शुगर की खेप
पुलिस ने भगवानपुर निवासी राम कुमार के घर के पीछे बने झोपड़ीनुमा कमरे की तलाशी ली. तलाशी के दौरान लकड़ी की टेबल के दराज में रखी पॉलीथीन से 34 ग्राम ब्राउन शुगर तथा पीतल के एक बर्तन (किया) से 16 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई. इस प्रकार कुल 50 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) जब्त की गई. छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 1,920 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, सिल्वर पेपर का रोल, विवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (BR 38 Z/0926) भी बरामद किया. पुलिस का मानना है कि इन सामानों का इस्तेमाल मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में किया जा रहा था. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो आजाद (22 वर्ष), निवासी वार्ड संख्या-06 तथा राम कुमार (24 वर्ष), निवासी वार्ड संख्या-04, भगवानपुर के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वीरपुर थाना कांड संख्या 264/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी. इस सफल अभियान में प्रभारी थानाध्यक्ष जैनेंद्र कुमार झा, सब-इंस्पेक्टर प्रेमचंद पासवान, सिपाही अर्जुन कुमार, अभिज्ञात कुमार, अनिल कुमार यादव तथा स्थानीय चौकीदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस टीम की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.