नाले की बदहाली से त्रस्त लोगों ने नपं के खिलाफ किया हंगामा

सफाई के नाम पर राशि की बंदरबांट की जा रही है

वीरपुर. नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 स्थित मोहल्ले में नाले की बदहाल स्थिति से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बुधवार को हंगामा किया. लोगों का कहना है कि नाले की नियमित और समुचित सफाई नहीं होने के कारण नाला पूरी तरह जाम हो गया है. नाले के टूटे हिस्से से पिछले कई महीनों से गंदा पानी बाहर निकलकर कभी लोगों के आंगन तो कभी घरों के अंदर तक घुस जा रहा है. जिससे वार्डवासियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. स्थानीय लोगों ने बताया कि नाले से निकलने वाले पानी में इतनी तेज दुर्गंध है कि रास्ते से गुजरना भी मुश्किल हो गया है. साथ ही गंदगी और जलजमाव के कारण जानलेवा बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है. लोगों ने नगर प्रशासन से अविलंब नाले की सफाई कराने और नाले का ऊंचीकरण कराने की मांग की. ताकि वार्डवासियों को इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके. वार्ड संख्या 11 की पार्षद जाहिदा परवीन ने नगर पंचायत पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे कई बार नाले की समस्या को लेकर स्थल पर जा चुकी हैं. लगातार लोग शिकायत लेकर उनके पास पहुंचते हैं. उन्होंने कहा कि जब से इस नाले का निर्माण हुआ है, तब से आज तक इसकी कभी ढंग से सफाई नहीं हुई है. एनजीओ हर महीने सफाई के नाम पर राशि उठाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर काम नहीं होता. सफाई के नाम पर राशि की बंदरबांट की जा रही है. जिसे नगर पंचायत के अधिकारी भी भली-भांति जानते हैं. पार्षद ने आगे कहा कि सामान्य बोर्ड की बैठकों में भी कई बार इस समस्या को उठाया गया. लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) स्वयं स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं. लेकिन वार्डवासियों को अब तक केवल आश्वासन ही मिला है. इस बाबत नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी देवर्षी रंजन ने कहा कि उन्हें समस्या की जानकारी है. इस विषय को सामान्य बोर्ड की बैठक में रखा जा चुका है. उन्होंने बताया कि नाले के स्थायी समाधान के लिए टेंडर निकाला गया है. वह पास भी हो चुका है. लेकिन टेंडर प्रक्रिया के दौरान एक परिवाद आ जाने के कारण कार्य में विलंब हो रहा है. जब तक परिवाद का निपटारा नहीं हो जाता, तब तक स्थायी समाधान संभव नहीं है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >