निर्माणाधीन सड़क से उड़ती धूल से परेशानी, पानी छिड़काव की मांग

बालू और गिट्टी भी बिछाई जा चुकी है, लेकिन पानी का नियमित छिड़काव नहीं किया जा रहा है

वीरपुर. हवाई अड्डा से एसएसबी 45वीं बटालियन मुख्यालय, चकबंदी चौक होते हुए पुस्तकालय मार्ग से बसंतपुर प्रखंड कार्यालय और एसएच-91 तक जाने वाली निर्माणाधीन सड़क इन दिनों स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है. सड़क निर्माण कार्य में पानी का छिड़काव नहीं किए जाने से क्षेत्र में धूल और मिट्टी का गुबार लगातार उड़ रहा है, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है. स्थानीय निवासियों ने इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए बताया कि पिछले चार महीनों से सड़क निर्माण कार्य जारी है. इस दौरान बालू और गिट्टी भी बिछाई जा चुकी है, लेकिन पानी का नियमित छिड़काव नहीं किया जा रहा है. इसके कारण सड़क पर हर समय धूल उड़ती रहती है, जो आसपास के घरों और दुकानों तक पहुंच रही है. स्थानीय सुमन गुप्ता, पवन पौद्दार, ललन कुमार गुप्ता, रवि कुमार गुप्ता और चंदन कुमार गुप्ता ने बताया कि इस मार्ग पर पैक्स और एफसीआई गोदाम स्थित होने के कारण रोजाना 10 से 12 भारी वाहनों की आवाजाही होती है. इन वाहनों के गुजरने से धूल का गुबार और बढ़ जाता है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि धूल और प्रदूषण के कारण इलाके में सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है. खासकर बच्चों और बुजुर्गों पर इसका बुरा असर पड़ रहा है. लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सुबह और शाम नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए. ताकि धूल पर नियंत्रण पाया जा सके और लोगों को राहत मिल सके. इस संबंध में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता सुमन कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण का दो लेयर कार्य पूरा हो चुका है. शेष कार्य जल्द ही पूरा कराया जाएगा. उन्होंने आश्वासन दिया कि संवेदक को निर्देशित कर नियमित रूप से पानी का छिड़काव सुनिश्चित कराया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >