एनएच 27 व एनएच 106 के प्रमुख क्रॉसिंग पॉइंट पर लगा महाजाम

लोगों ने अतिक्रमण व ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की मांग

, – पांच घंटे तक फंसी रही गाड़ियां – लोगों ने अतिक्रमण व ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की मांग राघोपुर. थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार में एक बार फिर भीषण जाम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी. महाजाम लगभग 5 घंटे से अधिक तक लगातार जारी रहा. जाम का असर एनएच 27 और एनएच 106 के प्रमुख क्रॉसिंग पॉइंट जेपी चौक पर सबसे अधिक देखने को मिला. जहां दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों का यातायात पूरी तरह ठप हो गया. जाम लगते ही देखते-देखते जेपी चौक पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई. हालात इतने बिगड़ गए कि एनएच 27 पर पूरब और पश्चिम दिशा में करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग गई. चारों तरफ से आने वाले वाहन जहां के तहां फंस गए और पूरा इलाका मानो विशाल पार्किंग स्थल में तब्दील हो गया. ट्रक, बस, कार, बाइक और ऑटो सहित हजारों वाहन चालकों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा. इस महाजाम का सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि कई एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई. मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंसों के सायरन लगातार बजते रहे. लेकिन जाम के कारण उन्हें निकलने का रास्ता नहीं मिल पाया. इस दौरान मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई लोगों ने बताया कि एम्बुलेंस को रास्ता देने की कोशिश की गई, लेकिन सड़क पर वाहनों की भीड़ और अव्यवस्था के कारण स्थिति और बिगड़ गई. जाम की सूचना मिलते ही राघोपुर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराने का प्रयास शुरू किया. पुलिसकर्मी लगातार सड़क पर डटे रहे और वाहनों को अलग-अलग दिशा में निकालने की कोशिश करते रहे. हालांकि, भारी वाहनों की संख्या, बाजार क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण के कारण पुलिस को काफी परेशानी झेलनी पड़ी. लेकिन देर शाम तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई. स्थानीय लोगों का कहना है कि सिमराही बाजार में लगने वाला जाम अब आम समस्या बन चुकी है. यहां वर्षों से लगातार जाम लग रहा है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका. जाम का सबसे बड़ा कारण एनएच 27 के किनारे दुकानदारों द्वारा किया गया अतिक्रमण बताया जा रहा है. लोगों का कहना है कि यदि एनएच किनारे से अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो यह समस्या और गंभीर होती जाएगी. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सिमराही बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए स्थायी ट्रैफिक पुलिस की तैनाती, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >