सुपौल जिले के बसंतपुर प्रखंड की हृदयनगर पंचायत में शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गयी. पेट्रोल पंप के पास खाद लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर से बाइक की जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों ने सदर अस्पताल सुपौल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
पति पत्नी और साली बाइक से जा रहे थे
मृतकों की पहचान दिनबंधी पंचायत के कटैया 22 आरडी वार्ड संख्या 02 निवासी अरविंद ऋषिदेव (26), उनकी पत्नी श्रुति देवी (22) और मृर्ति देवी के रूप में हुई है. बताया गया कि अरविंद अपनी पत्नी और साली को मायके छोड़ने के लिए बाइक से कटैया जा रहे थे. तीनों हरिपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे.
टक्कर के बाद सड़क पर गिर पड़े तीनों
इसी दौरान हृदयनगर पंचायत में पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी और घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल वीरपुर पहुंचाया.
अस्पताल पहुंचते ही एक महिला को मृत बताया
वीरपुर अस्पताल में डॉ. एस रहमान की देखरेख में घायलों का इलाज शुरू किया गया. चिकित्सकों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर हालत में दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर किया गया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की भी मौत हो गयी.
इलाज को लेकर परिजनों ने जतायी नाराजगी
घटना के बाद परिजनों ने घायल दोनों लोगों को कथित तौर पर पर्याप्त उपचार नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए डॉ. एस रहमान का विरोध किया. परिजनों का कहना था कि एक महिला की मौत के बाद अन्य दोनों घायलों को भी समुचित उपचार के बिना रेफर कर दिया गया.
तीनों शवों का कराया जा रहा पोस्टमार्टम
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया. गांव में मातम पसरा हुआ है. तीनों शवों का सदर अस्पताल सुपौल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस ने ट्रैक्टर किया जब्त
वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने जब्त कर लिया है. ट्रैक्टर बिना नंबर का बताया जा रहा है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
