सुपौल : सुपौल पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से चोरी की एक बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है. सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन ने इसकी जानकारी दी.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
डीएसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सुपौल थाना कांड संख्या 103/26 में चोरी गई बाइक और मोबाइल के साथ कुछ युवक नुनुपट्टी वार्ड संख्या-01 में मौजूद हैं. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
बाइक और मोबाइल बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नुनुपट्टी वार्ड संख्या-01 निवासी मो. एकरामुल, सुखपुर वार्ड संख्या-02 निवासी सुमित कुमार तथा कटैया वार्ड संख्या-10 निवासी पपलेश कुमार उर्फ कुणाल कुमार के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया. बरामद सामान की पहचान संबंधित कांड में चोरी गए सामान के रूप में की गई है.
अन्य मामलों में भी जांच जारी
डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इनके तार किसी संगठित चोरी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं. साथ ही जिले में हाल के दिनों में हुई अन्य बाइक और मोबाइल चोरी की घटनाओं में भी उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें : देसी पिस्टल और कारतूस के साथ दो गिरफ्तार, एक का दिल्ली से भी निकला आपराधिक कनेक्शन
