प्रमुख व्यवसायिक बाजार में नहीं है सार्वजनिक शौचालय

महिलाओं के लिए गंभीर समस्या

जदिया. जदिया बाजार जैसे व्यस्त और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं होने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बाजार में प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं, लेकिन शौचालय नहीं रहने के कारण उन्हें काफी दिक्कतें उठानी पड़ती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जदिया बाजार क्षेत्र लगातार विस्तार कर रहा है. यहां आसपास के दर्जनों गांवों से लोग प्रतिदिन आते हैं. बाजार में कपड़ा, किराना, दवा, कृषि सामग्री, बैंक और छोटे-बड़े प्रतिष्ठान मौजूद है. लेकिन मूलभूत सुविधा के नाम पर सार्वजनिक शौचालय का अभाव है. इससे सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को होती है. महिलाओं के लिए गंभीर समस्या बाजार आने वाली महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. घंटों बाजार में रहने के दौरान शौचालय नहीं होने से उन्हें असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है. कई महिलाएं मजबूरी में जल्दी घर लौट जाती हैं या फिर जरूरत होते हुए भी पानी पीने से परहेज करती हैं, जो स्वास्थ्य के लिए भी नुकसानदायक है. बाहर से आने वाले लोग भी परेशान ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोग अक्सर दिनभर बाजार में रहते हैं. बैंक या अन्य कार्य में समय लगने पर शौचालय नहीं होने से उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ता है. कई बार लोग दुकानदारों से अनुरोध करते हैं, लेकिन निजी प्रतिष्ठानों में यह सुविधा सभी के लिए उपलब्ध नहीं होती. सरकार द्वारा स्वच्छता और साफ-सफाई को लेकर कई अभियान चलाए जा रहे हैं. लेकिन जदिया बाजार जैसे प्रमुख क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय नहीं होना कई सवाल खड़े करता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब बाजार में सड़क, बिजली और अन्य विकास कार्य हो सकते हैं, तो शौचालय जैसी जरूरी सुविधा क्यों नहीं उपलब्ध कराई जा रही है. राहगीरों को भी होती है परेशानी जदिया बाजार होकर प्रतिदिन सैकड़ों राहगीर गुजरते हैं. बस, ऑटो और अन्य वाहनों से उतरने वाले यात्रियों को भी सार्वजनिक शौचालय नहीं होने के कारण काफी परेशानी होती है. मजबूरी में लोग सुनसान स्थानों का सहारा लेते हैं, जिससे गंदगी फैलने की आशंका बनी रहती है. स्थानीय नागरिक, व्यवसायी और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से जदिया बाजार में जल्द से जल्द सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग की है. लोगों का कहना है कि बाजार के किसी उपयुक्त स्थान पर महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाकर नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था की जाए. ताकि आमजन को राहत मिल सके. स्थानीय लोगों ने कहा कि जदिया बाजार क्षेत्र में वर्षों से यह समस्या बनी हुई है. लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर हो सकती है. लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या पर ध्यान देंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >