सुपौल के मो इजहार का चेन्नई सुपर किंग्स में चयन, जिले में खुशी की लहर

एसोसिएशन के सचिव नवीन गुप्ता ने कहा कि कोसी के कछार पर बसा सुपौल जिले में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है जरूरत है इसे निखारने की. कहा कि इजहार एक अनुशासन वाला खिलाड़ी है

– छातापुर प्रखंड के ठुठी गांव का रहने वाला है मो इजहार – एसोसिएशन के अध्यक्ष ने जतायी खुशी सुपौल/ वीरपुर वीरपुर निवासी युवा क्रिकेटर मो इजहार ने अपने शानदार प्रदर्शन से एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उनका चयन आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स के नेट बॉलर के रूप में हुआ है. यह खबर सामने आते ही उनके परिवार, दोस्तों और क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई. मो इजहार अंडर 23 के रेगुलर खिलाड़ी हैं और अपने तेज गेंदबाजी कौशल के लिए जाने जाते हैं. उनकी मेहनत और समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है. सुपौल जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राघवेंद्र झा राघव ने उनके चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा, यह न केवल इजहार बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण है. हमें विश्वास है कि यह उनका पहला कदम है और भविष्य में वह और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे. वहीं एसोसिएशन के सचिव नवीन गुप्ता ने कहा कि कोसी के कछार पर बसा सुपौल जिले में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है जरूरत है इसे निखारने की. कहा कि इजहार एक अनुशासन वाला खिलाड़ी है और वह अपने खेल के प्रति संवेदनशील बना रहता है. यही कारण है कि वह अपनी जिंदगी में लगातार आगे बढ़ रहा है. मो इजहार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच, परिवार और जिला क्रिकेट संघ को दिया. उन्होंने कहा, यह मेरे सपनों की शुरुआत है. आईपीएल जैसे बड़े मंच पर सीखने और खुद को साबित करने का मौका मिलना किसी भी युवा क्रिकेटर के लिए गर्व की बात है. उनकी इस उपलब्धि पर स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाइयां दीं. अब पूरा जिला उनकी आगे की सफलता के लिए प्रार्थना कर रहा है, और उम्मीद है कि जल्द ही वह आईपीएल में एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में नजर आएंगे. इजहार के चयन पर क्रिकेट संघ से जुड़े विनय भूषण सिंह, रिंकू शेखावत, सुनील सिंह, मनोज झा, प्रभात सिंह, महेश देव, राजेश सिंह, विनोद द्विवेदी, जयचंद्र, दिनेश, संतोष चौधरी ने खुशी जाहिर करते उज्जवल भविष्य की कामना की. सुपौल के मयंक भी आईपीएल में दिखा चुका है जलबा सुपौल जिले के मरौना थाना क्षेत्र के गनौरा गांव निवासी मयंक यादव ने एलएसजी का हिस्सा बन पिछले वर्ष आरसीबी के खिलाफ तीन विकेट प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि जिला का नाम रौशन किया. उक्त मैच में मयंक ने 04 ओवर में 14 रन देकर 03 विकेट प्राप्त किया था और 2024 के आईपीएल में सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था. खुशी की बात यह है कि मयंक व इजहार दोनों में काफी एकरूपता है. मयंक भी अपने टीम में एक गेंदबाज के रूप में कार्य कर रहा है. जबकि इजहार भी एक गेंदबाज के रूप में नेट बॉलर के रूप में चयनित हुआ है. परिवार के साथ किराये के मकान में रहता है इजहार युवा क्रिकेटर मो इजहार मूलरूप से छातापुर प्रखंड स्थित ठूठी पंचायत के वार्ड नंबर 08 का रहना वाला है. ठूठी पंचायत निवासी इजहार के पिता मौलाना सलाउद्दीन प्राथमिक विद्यालय अब्दुल मजीद टोला हनुमान नगर में बतौर शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं. इसके अलावे वे वीरपुर स्थित मस्जिद में ईमाम के रूप में भी कार्य करते हैं. वही इज़हार की मां शबनम गृहणी है. इजहार तीन भाई बहन है. जिसमें बहन शादीशुदा है और दो भाई है. इजहार जुड़वा भाई में बड़ा है. जबकि छोटा भाई हाफिज है. प्रभात खबर से बातचीत में मो इजहार बताया कि अपने पैतृक गांव को छोड़कर वीरपुर स्थित भगत मोहल्ला में किराये की मकान में रहता था. ताकि कोसी क्रिकेट क्लब में क्रिकेट की प्रैक्टिस की जा सके. लगातार प्रेक्टिस ने रंग लाया और उसे यह मुकाम हासिल हुआ. बताया कि एक साल पहले ही एमआरएफ की ओर से उसका चयन किया गया था. इसके बाद वें लगातार खेलते रहे. जिसके बाद बोर्ड की ओर से पहले नेट प्रेक्टिस की और एक गेंदबाज के रूप में उसका चयन किया गया. बांये हाथ के गेंदबाज क़े रूप मे इज़हार का चयन हुआ है. लगातार नेट प्रेक्टिस जारी है. वर्तमान समय मे वें पूर्व क्रिकेट कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी क़े साथ नेट प्रेक्टिस में हैं. कोसी क्लब वीरपुर क़े कोच और खिलाडी जयचंद और बीरबल क़े प्रति आभार जताया. कहा कि यदि इन लोगों का साथ नहीं होता तो आज इस मुकाम तक पहुंचना मुशकिल था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VINOD RAO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >