वीरपुर (सुपौल) से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट.
Supaul News: सुपौल जिले के वीरपुर में क्षेत्र भ्रमण पर पहुंचे छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह ने कोसी आईबी परिसर में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान उन्होंने कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कराया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. जनता दरबार में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे.
कानून-व्यवस्था पर विधायक की सख्त टिप्पणी
जनता दरबार के दौरान विधायक नीरज कुमार सिंह ने वीरपुर के नवनियुक्त थानाध्यक्ष संजय दास को कोसी आईबी परिसर में बुलाकर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि वीरपुर नेपाल सीमा से सटा क्षेत्र है, इसलिए यहां नशे और अवैध कारोबार पर विशेष निगरानी रखने की जरूरत है.
विधायक ने थाना परिसर और उसके आसपास सक्रिय दलालों पर भी सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आम लोगों को पुलिस व्यवस्था पर भरोसा होना चाहिए और इसके लिए पारदर्शी कार्यप्रणाली जरूरी है.
नशे के कारोबार पर लगाम लगाने पर जोर
विधायक ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे का कारोबार सामाजिक और कानूनी दोनों दृष्टि से गंभीर चुनौती है. पुलिस प्रशासन को इस दिशा में विशेष अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना चाहिए.
उन्होंने शराब कारोबारियों और शराब सेवन करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता बताई.
“अपराधियों की बिहार में कोई जगह नहीं”
जनता को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि बिहार सरकार अपराध नियंत्रण के लिए प्रतिबद्ध है और अपराधियों के लिए राज्य में कोई स्थान नहीं है. उन्होंने कहा कि कानून का भय बना रहना आवश्यक है ताकि समाज में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रहे.
सड़क, बिजली और पानी की समस्याएं भी उठीं
जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, अतिक्रमण और अन्य स्थानीय समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा. विधायक ने संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया.
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और प्रशासन को भी जनहित के मुद्दों पर संवेदनशील होकर काम करना चाहिए.
बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता
कार्यक्रम में सुपौल नगर परिषद अध्यक्ष राघवेंद्र झा, विधायक प्रतिनिधि गोपाल आचार्य, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अभय कुमार जैन, जिला मंत्री आशीष देव सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.
जनता दरबार के माध्यम से विधायक ने एक ओर जहां लोगों की समस्याएं सुनीं, वहीं प्रशासन को भी कानून-व्यवस्था और जनहित के मामलों में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया.
Also Read: खान सर को कोर्ट से राहत, 20 जून तक नहीं होगी गिरफ्तारी, अदालत ने रखी शर्त
