कोसी क्षेत्र को मिल सकती है हवाई कनेक्टिविटी, वीरपुर एयरपोर्ट पर 60 सीटों वाले विमानों की तैयारी

Supaul News: कोसी क्षेत्र के लोगों का वर्षों पुराना सपना अब हकीकत के करीब पहुंचता दिख रहा है. वीरपुर एयरपोर्ट को लेकर सांसद दिलेश्वर कामत ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राशि स्वीकृत कर दी है और जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है.

वीरपुर (सुपौल) से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट

Supaul News: कोसी क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. वीरपुर हवाई अड्डे से जल्द उड़ान सेवा शुरू होने की उम्मीद जगी है. सुपौल सांसद दिलेश्वर कामत ने एयरपोर्ट का निरीक्षण करने के बाद कहा कि केंद्र सरकार वीरपुर एयरपोर्ट को विकसित करने के लिए गंभीर है. पहले जहां 20 सीटों वाले विमान संचालन की योजना थी, वहीं अब इसे 60 सीटों वाले विमानों के लिए तैयार किया जा रहा है. इसके लिए आवश्यक राशि स्वीकृत हो चुकी है और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है.

एयरपोर्ट परिसर पहुंचकर सांसद ने लिया जायजा

क्षेत्र भ्रमण के दौरान सांसद दिलेश्वर कामत वीरपुर हवाई अड्डा पहुंचे और वहां चल रही तैयारियों तथा आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की और विकास कार्यों की जानकारी ली. निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद ने कहा कि वीरपुर एयरपोर्ट को चालू कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.

उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के विस्तार और आधुनिकीकरण को लेकर केंद्र सरकार सकारात्मक है. इसके लिए आवश्यक वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है और अब तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है.

20 नहीं, अब 60 सीटों वाले विमान उड़ाने की तैयारी

सांसद ने बताया कि शुरुआती योजना में 20 सीटों वाले छोटे विमानों के संचालन का प्रस्ताव था. लेकिन क्षेत्र की संभावनाओं और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया गया है. अब यहां 60 सीटों वाले विमानों के संचालन की तैयारी की जा रही है.

उन्होंने कहा कि इसके लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता होगी और जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रशासनिक स्तर पर जारी है. वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार के साथ भी इस विषय पर विस्तृत चर्चा की गई है.

संसद में भी उठेगा वीरपुर एयरपोर्ट का मुद्दा

दिलेश्वर कामत ने कहा कि आगामी जुलाई में होने वाले संसद सत्र के दौरान भी वह वीरपुर एयरपोर्ट का मुद्दा प्रमुखता से उठाएंगे. उनका उद्देश्य है कि एयरपोर्ट का निर्माण और संचालन कार्य जल्द से जल्द पूरा हो ताकि कोसी क्षेत्र के लोगों को हवाई संपर्क की सुविधा मिल सके.

उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट शुरू होने से न केवल सुपौल बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को भी लाभ मिलेगा. इससे व्यापार, पर्यटन और निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी.

थल्हा धार पर पुल निर्माण की मांग भी सुनी

एयरपोर्ट निरीक्षण से पहले सांसद कोचगामा पंचायत पहुंचे, जहां वार्ड संख्या 12 और 13 के बीच स्थित थल्हा धार का निरीक्षण किया. स्थानीय ग्रामीणों ने यहां पुल निर्माण की मांग रखी. सांसद ने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेकर मामले को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया.

विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

वीरपुर आईबी में ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में सांसद ने विभिन्न पंचायतों में निर्माणाधीन और प्रस्तावित पुल, पुलिया एवं सड़क परियोजनाओं की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने का निर्देश दिया.

बैठक में वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार, ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता सुमन कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार खेड़वार, अजय आनंद सहित कई जनप्रतिनिधि एवं एनडीए कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

Also Read: प्रभात खबर एक्सक्लूसिव: बिहार की बेटियों को गायब करनेवाले 3-लेवल के सिंडिकेट का खुलासा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >