सुपौल के NH-27 पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियारों के साथ दो अपराधी गिरफ्तार, 45 लाख से ज्यादा नकदी बरामद

Supaul Crime News: एनडीपीएस मामले का आरोपी दबोचा गया, छापेमारी में मिली 45.32 लाख रुपये की नकदी, आयकर विभाग भी जांच में जुटा.

सुपौल से विकास कुमार की रिपोर्ट

Supaul Crime News: सुपौल पुलिस ने एनएच-27 पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस मामले के एक वांछित आरोपी समेत दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद हुई छापेमारी में पुलिस ने 45 लाख रुपये से अधिक नकदी, हथियार और कारतूस बरामद किए हैं. बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गई है. पुलिस अब इस रकम के स्रोत और इसके संभावित आपराधिक संबंधों की जांच कर रही है.

सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर भपटियाही थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर वाहन जांच अभियान चलाया गया था. इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध क्रेटा वाहन को रोकने का प्रयास किया.

पुलिस को देखते ही चालक फरार, दो आरोपी गिरफ्तार

एसडीपीओ के अनुसार वाहन में सवार एनडीपीएस मामले के वांछित आरोपी रंजीत कुमार मेहता और उसके सहयोगी चन्दन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. हालांकि वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भपटियाही थाना में नया मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

Supaul Crime News: क्रेटा वाहन से मिले हथियार और कारतूस

पुलिस ने वाहन की तलाशी के दौरान दो पिस्टल, तीन मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और क्रेटा वाहन बरामद किया. हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस को बड़े आपराधिक नेटवर्क की आशंका हुई, जिसके बाद आरोपियों से गहन पूछताछ की गई.

पूछताछ के बाद छापेमारी, 45.32 लाख रुपये नकद बरामद

गिरफ्तार अपराधियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पिपराखुर्द गांव में छापेमारी की. इस दौरान एक घर से 45 लाख 32 हजार 200 रुपये नकद, एक देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया. मामले में उपेन्द्र सिंह नामक व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.

इतनी बड़ी नकदी मिलने के बाद पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना भेज दी है. अब यह जांच की जा रही है कि बरामद रकम का संबंध किसी अवैध कारोबार, हथियार तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों से तो नहीं है.

मुख्य आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपी रंजीत कुमार मेहता के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, लूट और मद्यनिषेध कानून से जुड़े कई मामले दर्ज हैं. वहीं चन्दन कुमार का नाम भी पूर्व में एक लूटकांड में सामने आ चुका है.

एसडीपीओ राजीव रंजन ने कहा कि सुपौल पुलिस अपराधियों और अवैध हथियार कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और मामले में जल्द ही और बड़े खुलासे हो सकते हैं.

Also Read: CM सम्राट चौधरी ने किया प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान 2026 का शुभारंभ, बोले- हमारे बच्चे जहां जाएंगे वहां टॉप करेंगे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >