मद्य निषेध टीम के पीछा करने के दौरान बेकाबू स्कॉर्पियो ने 6 बच्चों को कुचला, हादसे के बाद भड़का ग्रामीणों का गुस्सा

Supaul Accident News : सुपौल में भोज खाकर लौट रहे थे बच्चे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर. सड़क जाम, पथराव और हंगामे से घंटों तनाव में रहा इलाका.

सुपौल से मनीष कुमार सिंह की रिपोर्ट

Supaul Accident News : सुपौल जिले के कुनौली-डगमारा क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. मद्य निषेध विभाग की टीम द्वारा पीछा किए जाने के दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बेकाबू हो गई और डगमारा कामत चौक के समीप भोज खाकर लौट रहे छह बच्चों को कुचल दिया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बच्चों को बचाने के लिए दौड़ पड़े. सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर किया गया.

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो कुनौली से मझारी-सिकरहट्टा बांध मार्ग होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर जा रही थी. इसी दौरान डगमारा कामत चौक के पास सड़क किनारे पैदल जा रहे छह बच्चे उसकी चपेट में आ गए. टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास अफरातफरी मच गई.

हादसे के बाद ग्रामीणों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन अनियंत्रित स्कॉर्पियो बांध के नीचे लुढ़ककर एक पेड़ से जा टकराई. वाहन में सवार लोग मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए.

हादसे के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मद्य निषेध विभाग की पीछा कर रही गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद निर्मली-कुनौली मार्ग को कामत चौक के पास जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. लोगों का आरोप था कि मद्य निषेध टीम की कार्रवाई के कारण ही यह दुर्घटना हुई.

ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने आरोप लगाया कि विभाग शराब पीने वालों से वसूली कर उन्हें छोड़ देता है, जबकि आम लोगों को परेशान किया जाता है. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

पुलिस पर भी हुआ पथराव

सूचना मिलने पर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कुछ आक्रोशित लोगों ने पथराव शुरू कर दिया. इस दौरान डगमारा थाना में पदस्थापित एएसआई अमरेश कुमार घायल हो गए. स्थिति बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया.

कुछ ही देर में कामत चौक पुलिस छावनी में तब्दील हो गया. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया. बाद में सड़क जाम हटाया गया और यातायात सामान्य कराया गया.

जांच में जुटी पुलिस

डगमारा थानाध्यक्ष धनेश्वर मंडल ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. घायल बच्चों का इलाज चल रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस हादसे के कारणों और मद्य निषेध टीम की भूमिका समेत सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है.

Also Read: CM सम्राट चौधरी ने किया प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान 2026 का शुभारंभ, बोले- हमारे बच्चे जहां जाएंगे वहां टॉप करेंगे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >