बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करें कार्यकर्ता, जनता के बीच पहुंचकर पार्टी की विचारधारा बताएं : रंजीत रंजन

कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने राघोपुर में कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की विचारधारा पहुंचाने की अपील की।

राघोपुर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने मंगलवार को सिमराही में पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं कांग्रेस नेता परमेश्वरी सिंह यादव के आवास पर आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-माला पहनाकर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रंजीत रंजन ने संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी सक्रियता के साथ जुटना होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों से संवाद स्थापित करने तथा पार्टी की नीतियों, विचारधारा और जनहित के मुद्दों से आम जनता को अवगत कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही लोकतंत्र में जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठा सकता है। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए रंजीत रंजन ने केंद्र एवं बिहार सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अपराध लगातार बढ़ रहे हैं तथा आम जनता अनेक समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं और किसानों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार केवल आश्वासन देने का काम कर रही है। राम मंदिर परिसर में हुई कथित चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि सरकार मंदिर निर्माण का श्रेय लेती है, तो सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की जिम्मेदारी भी स्वीकार करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। रंजीत रंजन ने युवाओं के भविष्य को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक जैसे मामलों से लाखों-करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने विशेष रूप से नीट पेपर लीक प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार की नीतियों और परीक्षा प्रणाली में खामियों के कारण हर वर्ष लाखों अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि जनता के भीतर केंद्र और बिहार सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।

उनका आरोप था कि जनसमस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने के बजाय सरकार विरोध की आवाज उठाने वालों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रही है। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष विमल यादव, सरायगढ़ प्रखंड प्रमुख विजय कुमार यादव, प्रवीण मिश्रा, प्रो. रमेश यादव, भुवनेश्वर यादव, विनोद यादव, मो. जमील अनवर उर्फ टुन्ना, तारानंद यादव, राजीव जायसवाल, नारायण यादव, मो. शमशेर आलम, जगदीश गुप्ता, शैलेंद्र यादव, चंदन सिंह, विजय यादव, मो. अनीश, प्रदीप बसेदार, सूरत लाल यादव, राधा देवी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ashutosh jha

Published by: Janardan Pandey

आशुतोष झा प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. राघोपुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >