वीरपुर एसएसबी 45वीं वाहिनी में पूर्व एसडीओ को विदाई, नए एसडीओ का स्वागत

वीरपुर के 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में प्रशासनिक समन्वय और सौहार्द को लेकर एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर पूर्व अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार को उत्कृष्ट सहयोग के लिए विदाई दी गई और नवनियुक्त अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार का स्वागत किया गया. दोनों अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा और जनकल्याण के मुद्दों पर चर्चा की.

सुपौल : 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) वीरपुर में प्रशासनिक समन्वय, सम्मान और सौहार्द को लेकर गरिमामय समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने पूर्व अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार को उनके कार्यकाल के दौरान वाहिनी को दिए गए उत्कृष्ट सहयोग, मार्गदर्शन और प्रशासनिक समन्वय के लिए भावभीनी विदाई दी. वहीं, नवनियुक्त अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार का आत्मीय स्वागत किया गया.

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नीरज कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़े प्रशासनिक, सुरक्षा और जनकल्याण के मुद्दों पर एसएसबी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया. उनके सहयोग से कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं जनहित के कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुए. वाहिनी परिवार ने उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

इस अवसर पर नवनियुक्त एसडीओ विनय कुमार ने एसएसबी अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की. बैठक में सीमावर्ती क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, आपदा प्रबंधन तथा जनहित से जुड़े विषयों पर प्रशासन और एसएसबी के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई.

बैठक के बाद एसडीओ ने एसएसबी परिसर का भ्रमण किया. उन्होंने परिसर की स्वच्छता, अनुशासन, हरित वातावरण और उत्कृष्ट रखरखाव की मुक्तकंठ से प्रशंसा की. उन्होंने विश्वास जताया कि अनुमंडल प्रशासन और एसएसबी के संयुक्त प्रयासों से सीमाई सुरक्षा, जनहित और राष्ट्रहित से जुड़े कार्य भविष्य में भी अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएंगे.

कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा, उप कमांडेंट सौरभ सुमन, उप कमांडेंट हरजीत राव, वीरपुर के एसडीपीओ, बसंतपुर के बीडीओ सहित एसएसबी एवं प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >