वीरपुर एसएसबी 45वीं बटालियन की सीमा चौकी शैलेशपुर ने रविवार की रात करीब 8:30 बजे विशेष नाका ड्यूटी के दौरान एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. ऑपरेशन के तहत 10 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है. जानकारी देते हुए 45वीं बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि एसएसबी बल सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार सघन अभियान चला रही है. इसी क्रम में 20 अप्रैल को गुप्त सूचना के आधार पर उप-निरीक्षक करम सिंह के नेतृत्व में एक विशेष नाका दल का गठन किया गया. यह नाका कटैया पॉवर हाउस के समीप लगाया गया था. कुछ समय बाद, एक संदिग्ध व्यक्ति नाका पार्टी को देखकर भागने की कोशिश करने लगा. एसएसबी जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया और जांच-पड़ताल शुरू की. तलाशी के दौरान उस व्यक्ति के पास से काले प्लास्टिक में छिपाकर रखा गया 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान परिणय कुमार (उम्र 22 वर्ष), पिता स्व. वैद्यनाथ सिंह, निवासी वार्ड संख्या 05, कटैया पॉवर हाउस, थाना भीमनगर के रूप में हुई है. पूरी कागजी कार्रवाई के उपरांत जब्त मादक पदार्थ और गिरफ्तार तस्कर को भीमनगर थाना को सौंप दिया गया है. एसएसबी की यह कार्रवाई सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
