वीरपुर भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 45वीं वाहिनी, वीरपुर ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 72 लीटर नेपाली शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त की गई. एसएसबी 45वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि सीमा चौकी कटैया क्षेत्र में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा था. इसी क्रम में 13 जून को दोपहर करीब 1:30 बजे एक बाइक सवार नेपाल की ओर से भारतीय सीमा में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था. सीमा पर तैनात जवानों को देखकर उसने तेज गति से भागने की कोशिश की, जिससे संदेह होने पर उसे रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान बाइक से ब्रिक्स ब्रांड की 240 बोतल नेपाली शराब बरामद की गई. प्रत्येक बोतल 300 मिलीलीटर की थी. इस प्रकार कुल 72 लीटर शराब जब्त की गई. मौके से हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल (नंबर बीआर 50टी/7685) भी जब्त कर ली गई. गिरफ्तार तस्कर की पहचान मेघनाथ कुमार ठाकुर, निवासी ग्राम भीमनगर, थाना भीमनगर, जिला सुपौल के रूप में हुई है. इस कार्रवाई में एसएसबी के उप निरीक्षक रवि चौधरी सहित तीन अन्य जवान शामिल थे. गिरफ्तार आरोपी, बरामद शराब एवं जब्त मोटरसाइकिल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मद्यनिषेध थाना सिमराही के हवाले कर दिया गया है. एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और अभियान जारी रहेगा तथा अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
72 लीटर नेपाली शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त
एसएसबी 45वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि सीमा चौकी कटैया क्षेत्र में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा था.
