सुपौल : करजाईन बाजार में रविवार की शाम प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की. वीरपुर एसडीएम विनय कुमार के नेतृत्व में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करजाईन उप स्वास्थ्य केंद्र के आसपास छापेमारी कर दो अल्ट्रासाउंड सेंटर समेत छह स्वास्थ्य संस्थानों को सील कर दिया.
रात करीब आठ बजे हुई छापेमारी
प्रशासन की टीम ने रविवार शाम करीब आठ बजे करजाईन बाजार में कार्रवाई शुरू की. टीम में राघोपुर सीओ रश्मि प्रिया, राघोपुर रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार द्विवेदी, करजाईन थानाध्यक्ष मनीष कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के अन्य अधिकारी शामिल थे.
कार्रवाई के दौरान दो अल्ट्रासाउंड सेंटर सहित कुल छह स्वास्थ्य संस्थानों को सील किया गया. अधिकारियों ने संबंधित संस्थानों के दस्तावेज और संचालन से जुड़े अभिलेखों की जांच भी शुरू कर दी है.
एमवाईसी टीम को विस्तृत जांच का निर्देश
मामले की विस्तृत जांच के लिए संबंधित एमवाईसी टीम को निर्देश दिया गया है. वहीं, करजाईन थानाध्यक्ष को सभी संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
शिकायतों के सत्यापन के बाद हुई कार्रवाई
एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि करजाईन बाजार में अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड सेंटर और क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं. शिकायतों के सत्यापन के बाद प्रशासन की ओर से यह कार्रवाई की गयी है.
उन्होंने कहा कि जांच में जो लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन के निर्देश पर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
