कुमारखंड-जदिया एसएच-91 पर मंगलवार की देर शाम एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. ड्राइवर चौक के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पैदल घर लौट रहे 60 वर्षीय मजदूर योगेंद्र राम को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. सड़क पर शव पड़े होने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी.
दिनभर मजदूरी के बाद घर लौट रहे थे योगेंद्र राम
मृतक की पहचान जदिया पंचायत के वार्ड नंबर 13 निवासी योगेंद्र राम के रूप में हुई है. वह जदिया के अनंतपुर चौक के समीप एक कबाड़ की दुकान में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे. रोज की तरह मंगलवार को भी उन्होंने दिनभर काम किया और इसके बाद पैदल अपने घर की ओर निकल पड़े. उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि घर तक पहुंचने की यह राह उनकी जिंदगी की आखिरी यात्रा बन जाएगी.
पीछे से आए वाहन ने मारी जोरदार टक्कर
बताया जाता है कि योगेंद्र राम पैदल ड्राइवर चौक की ओर से अपने घर जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज गति से आये अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गयी. हादसे के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय मौके से फरार हो गया.
शव देखकर लोगों में आक्रोश, पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गयी. सड़क पर वृद्ध का शव देखकर लोगों में आक्रोश भी देखा गया. स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना जदिया थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. रोज मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाले योगेंद्र राम की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पुलिस दुर्घटना के बाद फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है.
