Supaul, प्रतापगंज बाजार में मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव

प्रतापगंज बाजार में मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव

शौचालय, पेयजल और यात्री सुविधाएं नहीं होने से लोग परेशान, महिलाओं को सबसे अधिक कठिनाई

प्रतापगंज (सुपौल) से सरोज कुमार महतो की रिपोर्ट,

बाजार एवं बस स्टैंड में आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। खासकर हाट परिसर और बस स्टैंड में शौचालय, यूरिनल तथा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खरीदारी और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए प्रतिदिन बाजार आने वाले लोगों को शौचालय नहीं रहने के कारण काफी दिक्कत होती है। बस स्टैंड की स्थिति और भी बदहाल है। पटना, दिल्ली समेत अन्य शहरों से आने वाले यात्रियों, विशेषकर महिलाओं को शौच और यूरिनल के लिए विकट परिस्थितियों से गुजरना पड़ता है। बस से उतरने के बाद महिलाएं सुरक्षित स्थान की तलाश में इधर-उधर भटकती नजर आती हैं। बस स्टैंड में यात्री शेड, रोशनी और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सरकार सभी क्षेत्रों में विकास कार्य कर रही है, लेकिन बाजार, हाट और बस स्टैंड जैसी सार्वजनिक जगहों पर मूलभूत सुविधा माने जाने वाले शौचालय और यूरिनल की व्यवस्था अब तक नहीं हो सकी है। लोगों का कहना है कि स्वच्छ शौचालय और पेयजल की सुविधा मौलिक अधिकारों में शामिल है तथा इसे उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। प्रतापगंज प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत नौ पंचायतों के हजारों लोग प्रतिदिन बाजार और सरकारी कार्यालयों में पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थलों और सरकारी परिसरों में शौचालय की समुचित व्यवस्था होना आवश्यक है। कई सरकारी कार्यालयों में बने शौचालय गंदगी और रखरखाव के अभाव में उपयोग लायक नहीं रह गए हैं। वहीं, प्रखंड द्वारा प्रतापगंज हाट में लाखों रुपये की लागत से बनाया गया एकमात्र शौचालय भी रखरखाव के अभाव में बेकार पड़ा हुआ है। शौचालय के अंदर और बाहर गंदगी का अंबार लगा है, जिससे लोग उसका उपयोग करने से बचते हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से प्रतापगंज बाजार, हाट एवं बस स्टैंड में शीघ्र शौचालय, यूरिनल, स्वच्छ पेयजल, रोशनी और यात्री शेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

राशि उपलब्ध होते ही कराया जाएगा कार्य : अमरेश कुमार मिश्रा

प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अमरेश कुमार मिश्रा ने हाट एवं सार्वजनिक स्थलों पर शौचालय की बदहाल स्थिति को लेकर कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मती कार्य कराया जाएगा। बीडीओ ने कहा कि फिलहाल मरम्मत कार्य के लिए राशि उपलब्ध नहीं है। राशि प्राप्त होते ही शौचालय की मरम्मत एवं साफ-सफाई का कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रतापगंज बाजार, हाट और बस स्टैंड में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करना प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है।

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By MANISH KUMAR

MANISH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >