Hospital Inspection: राघोपुर (सुपौल). एसडीएम विनय कुमार ने शनिवार को अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया के साथ राघोपुर रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. पूर्वाह्न करीब 11 बजे पहुंचे अधिकारियों ने ओपीडी, स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया. इस दौरान कई आवश्यक निर्देश भी जारी किए गये.
गंभीर मरीज को तुरंत रेफर करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसडीएम की नजर करंट लगने से गंभीर रूप से घायल एक मरीज पर पड़ी, जिसे बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी चल रही थी. एंबुलेंस के पास भीड़ देखकर उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि गंभीर मरीजों के इलाज और रेफरल में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए. उनके निर्देश के बाद मरीज को तत्काल एंबुलेंस से उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया.
डॉक्टरों से ली स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी
एसडीएम ने ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. ललिता कुमारी से अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों की संख्या, दवा वितरण, चिकित्सकों की उपस्थिति और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
गंदगी पर नाराजगी, सफाई व्यवस्था सुधारने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर, ओपीडी, प्रतीक्षालय और अन्य हिस्सों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को नियमित सफाई अभियान चलाने, परिसर में चुना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों को साफ एवं सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है.
रोस्टर के अनुसार उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश
बीसीएम सह बीएचएम शादाब अली से अस्पताल प्रबंधन, कर्मचारियों की उपस्थिति और दैनिक कार्यों की जानकारी लेते हुए एसडीएम ने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की रोस्टर के अनुसार नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा. साथ ही आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिये.
मीडिया से बोले एसडीएम
Hospital Inspection: निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था अपेक्षित स्तर की नहीं मिली है. इसे तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए हैं. अस्पताल प्रबंधन ने जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया है.
