वीरपुर (सुपौल) . बिहार लोकल बॉडीज इम्प्लाइज फेडरेशन एवं बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को वीरपुर नगर पंचायत के स्वच्छता कर्मियों ने अपनी तीन सूत्री मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी. हड़ताल के दौरान स्वच्छता कर्मियों ने हाथों में झाड़ू लेकर वीरपुर गोल चौक से विरोध मार्च निकाला और पूरे नगर क्षेत्र का भ्रमण करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
कार्य के अनुरूप नहीं मिल रही उचित वेतन और सुविधाएं प्रदर्शन कर रहे स्वच्छता कर्मियों ने कहा कि वे वर्षों से नगर की सफाई व्यवस्था संभाल रहे हैं, लेकिन उन्हें उनके कार्य के अनुरूप उचित वेतन और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं. उन्होंने \"समान काम का समान वेतन \" लागू करने की मांग करते हुए कहा कि वर्तमान मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना बेहद मुश्किल हो गया है. कम वेतन पर परिवार चलाना संभव नहीं
स्वच्छता कर्मियों का कहना था कि आज के समय में इतने कम वेतन पर परिवार चलाना संभव नहीं है. सरकार को उनके वेतन में वृद्धि करनी चाहिए और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे पूरे शहर की स्वच्छता का जिम्मा निभाते हैं, लेकिन उनकी मांगों और परेशानियों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है.
जब तक मांगें होंगी पूरी तब तक जारी रहेगा अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक सरकार उनकी तीन सूत्री मांगों को पूरा नहीं करती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगा. हड़ताल के कारण नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है. पूछे जाने पर नगर पंचायत के ईओ देवर्षि रंजन ने बताया कि नगर में सफाई व्यवस्था बहाल करने के लिए जो भी उपाय संभव को किए जायेंगे.
नगर के सफाई कर्मियों की मांग को भी देखा जाएगा
मुख्य पार्षद सुशील कुमार ने बताया कि इनकी जो भी मांगें हैं वे विचारणीय हैं. संबंधित पदाधिकारी से विचार किया जाएगा और जल्द ही नगर में सफाई व्यवस्था बहाल की जाएगी.
