सुपौल. इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी सुपौल शाखा की ओर से किशनपुर थाना क्षेत्र के छटूपट्टी सुखासन वार्ड 18 में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गयी. इस अग्निकांड में 12 परिवारों का सारा सामान जलकर राख हो गया था. विधायक पीपरा व सत्तारूढ़ दल के सचेतक राम विलास कामत की उपस्थिति में पीड़ित परिवारों को तिरपाल, कंबल, मच्छरदानी और हाइजीन किट प्रदान की गयी. इस अवसर पर रेड क्रॉस के चेयरमैन डॉ कन्हैया प्रसाद सिंह ने कहा कि रेड क्रॉस हमेशा आपदा पीड़ित परिवारों को मानवीय आधार पर सहयोग करता है और आगे भी जरूरतमंदों की मदद करता रहेगा. कार्यक्रम में रेड क्रॉस के सचिव राम कुमार चौधरी, कोषाध्यक्ष अभय तिवारी, मो खुरशीद आलम, चंद्र शेखर चौधरी, अमर नाथ, मोहित कुमार सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे. स्थानीय लोगों ने रेड क्रॉस द्वारा किये गये इस सहयोगात्मक प्रयास की सराहना करते हुए इसे पीड़ित परिवारों के लिए बड़ी राहत बताया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
