राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने महंगाई , बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर बोला हमला

राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने त्रिवेणीगंज में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।

त्रिवेणीगंज(सुपौल) छत्तीसगढ़ से कांग्रेस की राज्यसभा सांसद सह राष्ट्रीय सचिव रंजीत रंजन बुधवार शाम नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 19 पहुंचीं। यहां उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ जनसरोकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता आज खुद को पूरी तरह असहाय महसूस कर रही है। सांसद ने बताया कि जिले के दौरे के दौरान उन्होंने त्रिवेणीगंज,पिपरा,राघोपुर,निर्मली, थरबिटिया और भपटियाही क्षेत्रों का भ्रमण किया। उनका दावा था कि सभी जगह किसानों,महिलाओं और आम लोगों की समस्याएं लगभग एक जैसी हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है,जमीन की रजिस्ट्री और म्यूटेशन शुल्क में वृद्धि से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आमलोग कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। रंजीत रंजन ने आरोप लगाया कि महंगाई लगातार बढ़ रही है। रसोई गैस सिलेंडर की उपलब्धता प्रभावित है और पेट्रोल-डीजल की ऊंची कीमतों ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने यह भी कहा कि पेट्रोल में एथेनॉल मिलावट से वाहनों के माइलेज पर असर पड़ रहा है। उनके अनुसार विधवा पेंशन,सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित कई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर लाभार्थियों तक नहीं पहुंच रहा है। साथ ही आंगनबाड़ी सेविकाओं,सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय भुगतान में भी महीनों की देरी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि कई सरकारी कर्मचारियों को भी समय पर वेतन नहीं मिल रहा है सरकारी खजाना खाली है लोकसभा चुनाव 2029 के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव से अधिक महत्वपूर्ण यह है कि देश और प्रदेश किस दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के लंबे कार्यकाल में युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं मिला, महंगाई पर नियंत्रण नहीं हो सका और महिलाओं की सुरक्षा भी चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर देशभर में आंदोलन चला रही है तथा 9 अगस्त को दिल्ली में भी प्रदर्शन प्रस्तावित है। प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को गंभीर बताते हुए उन्होंने कहा कि बार-बार परीक्षाएं रद्द होने और सीमित रिक्तियों के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वहीं, दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में उन्होंने कहा कि वे लद्दाख के पर्यावरण,जल संसाधनों और स्थानीय अधिकारों की रक्षा के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं लगता है सरकार उन्हें दुबारा जेल में न डाल दे। सांसद ने लोकसभा सीटों के परिसीमन, महिलाओं के अधिकार और बिहार की राजनीतिक स्थिति का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार,अपराध, महंगाई और किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं,जबकि सरकार मूल मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। ओर मुख्यमंत्री ये बात एक्सेप्ट कर रहा है कि आज बच्चा-बच्चा सूखे नशे की चपेट में आ रहा है मुद्दा ये है वे सिर्फ मुद्दे को डायवर्ट कर रहे हैं ये बिहार की जनता को समझना है। बैठक में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष कौशल यादव,सुशील यादव,बोधि यादव,जयकुमार यादव,अशोक यादव,रवि कुमार सुमन,रतनेश कुमार राय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >