राघोपुर में NH-27 पर हादसा, पिचिंग मशीन ने छीन ली 22 साल के युवक की जिंदगी, गर्भवती पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल

राघोपुर में NH-27 पर सड़क निर्माण के दौरान हुई भीषण दुर्घटना में 22 वर्षीय नीरज कुमार की मौत हो गई. सड़क पर प्रदर्शन के कारण लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हुई.

Raghopur Pitching Machine Accident: राघोपुर में सात महीने की गर्भवती पत्नी को शायद इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि जिस पति के लौटने का वह इंतजार कर रही है, वह अब कभी घर नहीं आएगा. रविवार की रात सिमराही बाजार जाने के लिए बाइक से निकले 22 वर्षीय नीरज कुमार की एनएच-27 पर पिचिंग मशीन की चपेट में आने से मौत हो गयी. हादसा इतना भीषण था कि नीरज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

रामविशनपुर स्थित टीपीडी पेट्रोल पंप के पास हुई इस घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को एनएच-27 पर रखकर सड़क जाम कर दिया. करीब साढ़े तीन घंटे तक चले जाम ने एनएच-27 की रफ्तार रोक दी. सड़क के दोनों ओर करीब आठ किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गयी. यात्रियों और वाहन चालकों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी.

सिमराही बाजार जा रहा था नीरज, तभी सामने आ गयी पिचिंग मशीन

मृतक की पहचान फिंगलास पंचायत के बतरान चकला निवासी सुंदर साह के 22 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार नीरज रविवार शाम बाइक से सिमराही बाजार जा रहे थे.

रामविशनपुर के टीपीडी पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही बतरान चौक की ओर से उलटी दिशा में आ रही सड़क निर्माण कार्य में लगी पिचिंग मशीन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद नीरज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.

स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. एक सामान्य शाम अचानक परिवार के लिए ऐसी रात में बदल गयी, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी.

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, सात महीने की गर्भवती है पत्नी

नीरज की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले वर्षा कुमारी से हुई थी. परिवार में जल्द ही बच्चे के आने की खुशियां थी. पत्नी सात महीने की गर्भवती हैं. जिस घर में कुछ ही समय बाद नए मेहमान के स्वागत की तैयारी होनी थी, वहां अब मातम पसरा है.

नीरज अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे. परिजनों के अनुसार वही परिवार का मुख्य सहारा थे. उनकी अचानक मौत ने परिवार के सामने भावनात्मक दुख के साथ भविष्य की चिंता भी खड़ी कर दी है.

रेफरल अस्पताल में बेटे का शव देखते ही नीरज की मां बदहवास हो गयीं. वह बार-बार अपने इकलौते बेटे को याद कर विलाप करती रहीं. सदमे के कारण उनकी कई बार तबीयत बिगड़ गयी. दूसरी ओर पति के शव से लिपटी गर्भवती वर्षा कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल था. परिजन और रिश्तेदार किसी तरह उन्हें संभालते रहे.

हादसे के बाद एनएच-27 पर फूटा गुस्सा

नीरज की मौत की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया. लोगों ने शव को एनएच-27 पर रखकर सड़क जाम कर दिया. कुछ ही देर में दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गयी.

करीब आठ किलोमीटर तक वाहनों के फंसने से आम यात्रियों को काफी परेशानी हुई. लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों के साथ स्थानीय वाहन चालकों को भी जाम में घंटों रुकना पड़ा.

सूचना मिलने पर राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन दोषी चालक की गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे.

गलत दिशा से मशीन आने पर उठे सुरक्षा के सवाल

इस हादसे ने सिर्फ एक परिवार को नहीं तोड़ा, बल्कि सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लगी भारी मशीनें कई बार गलत दिशा से संचालित होती हैं.

लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन सड़क पर भारी वाहनों और मशीनों के परिचालन के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण जरूरी है. यदि निर्माण क्षेत्र में मशीनों के आने-जाने के लिए स्पष्ट व्यवस्था नहीं हो और सामान्य यातायात के बीच भारी मशीनें गलत दिशा से चलें, तो हादसे का खतरा बढ़ जाता है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली की जांच कराने और सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है. सवाल यह भी है कि निर्माण कार्य के दौरान आम वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए किस तरह की व्यवस्था लागू थी.

हादसे के बाद मशीन छोड़कर भाग गया चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद पिचिंग मशीन का चालक मौके पर मशीन छोड़कर फरार हो गया. चालक के फरार होने की जानकारी सामने आने के बाद लोगों का आक्रोश और बढ़ गया.

पुलिस अब फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है. दुर्घटना में शामिल पिचिंग मशीन को जब्त कर थाना लाने की बात पुलिस ने कही है.

आश्वासन के बाद साढ़े तीन घंटे में खुला एनएच-27

सड़क जाम समाप्त कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों से कई दौर में बातचीत की. अधिकारियों की ओर से उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद देर रात ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया.

करीब साढ़े तीन घंटे बाद एनएच-27 पर यातायात सामान्य हो सका. हालांकि, सड़क खुलने के बाद भी हादसे को लेकर ग्रामीणों का सवाल बना हुआ है कि सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किस स्तर पर किया जा रहा है.

Raghopur Pitching Machine Accident: पुलिस ने शुरू की जांच, चालक की तलाश जारी

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. दुर्घटना में शामिल पिचिंग मशीन को जब्त कर थाना लाया जाएगा. फरार चालक की तलाश की जा रही है. मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

नीरज की मौत के बाद अब परिवार को न्याय और मुआवजे का इंतजार है. वहीं ग्रामीण चाहते हैं कि सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और संबंधित निर्माण एजेंसी ठोस कदम उठाये, ताकि एनएच-27 पर किसी दूसरे परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े.

घटनास्थल पर मौजूद प्रशासन व जनता | Prabhat Khabar Network
घटनास्थल पर मौजूद प्रशासन व जनता | Prabhat Khabar Network

Also Read: बिहार में बाढ़ से 20 लोगों की मौत, 12 जिलों में हाई अलर्ट, कहीं टूटे बांध तो कहीं पुल, कोसी-सीमांचल में बढ़ रहा खतरा

Also Read: बिहार में जंतर-मंतर जैसा नजारा, पटना के जेपी गोलंबर पर जुटे प्रदर्शनकारी, फ्रेजर रोड जाने वाली सड़क बंद, भारी पुलिस बल तैनात

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशुतोष झा

आशुतोष झा प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. राघोपुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >