एक सप्ताह से अंधेरे में वार्ड नंबर-5, जला ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदला तो फूटा लोगों का गुस्सा

Transformer Burnt : मुख्यालय पंचायत के वार्ड संख्या-5 में ट्रांसफार्मर जलने से पिछले एक सप्ताह से सैकड़ों लोग बिजली संकट झेल रहे हैं. भीषण गर्मी, बच्चों की पढ़ाई और मोबाइल चार्जिंग जैसी रोजमर्रा की समस्याओं से नाराज ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. जानिए जेई ने क्या कहा.

Transformer Burnt : मुख्यालय पंचायत के वार्ड संख्या-5 में ट्रांसफार्मर जल जाने से पिछले एक सप्ताह से सैकड़ों लोग बिजली संकट झेल रहे हैं. बिजली आपूर्ति ठप होने से पूरे इलाके में अंधेरा पसरा है और लोगों को भीषण गर्मी, बच्चों की पढ़ाई तथा मोबाइल चार्जिंग जैसी रोजमर्रा की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. नाराज ग्रामीणों ने जले ट्रांसफार्मर के पास एकत्र होकर बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.

एक सप्ताह से ठप है बिजली आपूर्ति

मुख्यालय पंचायत के वार्ड संख्या-5 में लगा ट्रांसफार्मर पिछले एक सप्ताह से जला हुआ है. इसके कारण पूरे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग को कई बार शिकायत देने के बावजूद अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है.

गर्मी, अंधेरा और बच्चों की पढ़ाई बनी बड़ी समस्या

ग्रामीणों ने बताया कि शाम होते ही पूरी बस्ती अंधेरे में डूब जाती है. सरकार द्वारा केरोसिन तेल का आवंटन भी बंद किए जाने के कारण रोशनी का कोई दूसरा साधन नहीं बचा है. बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. वहीं मोबाइल चार्ज करने के लिए भी लोगों को दूसरे स्थानों का सहारा लेना पड़ रहा है. भीषण गर्मी में बुजुर्गों, बीमारों और छोटे बच्चों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.

ग्रामीणों ने विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

शिवनंदन सिंह, मनोज शर्मा, रौशन कुमार, सुमित कुमार, चंद्रकांत, प्रदीप कुमार शर्मा, साधु कुमार, रामवृक्ष कुमार, सनोज शर्मा, फेकन शर्मा, विरंची शर्मा, रूकमा देवी, लीला देवी, चंद्रकला देवी, दुखा शर्मा, सतीश सिंह, सत्यनारायण शर्मा, फेकनी देवी, सुरेश मुखिया और इंदिरा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जले ट्रांसफार्मर के पास जुटे और बिजली विभाग के खिलाफ विरोध जताया. उनका कहना था कि बस्ती पावर सब-स्टेशन (पीएसएस) से महज कुछ दूरी पर है, फिर भी बार-बार शिकायत के बावजूद केवल आश्वासन ही मिल रहा है.

जेई बोले- जल्द लगाया जाएगा नया ट्रांसफाॅर्मर

इस संबंध में प्रभारी कनीय अभियंता (जेई) मुकेश कुमार ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध हो गया है. इसे जल्द ही स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी, ताकि वार्ड के लोगों को राहत मिल सके.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

संजय कुमार पप्पू प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. छातापुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >