राघोपुर. प्रखंड क्षेत्र के गणपतगंज में मंगलवार को भगवान महावीर जयंती के पावन अवसर पर नगरवासियों द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया. इस अवसर पर पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला. शोभायात्रा का शुभारंभ सुबह 09 बजे स्थानीय जैन मंदिर से किया गया. यात्रा गर्ल्स स्कूल रोड, एनएच 106 होते हुए गणपतगंज बाजार पहुंची. इसके बाद दुर्गा मंदिर रोड से होकर मारवाड़ी टोला तक गई. वापस पुनः दुर्गा मंदिर रोड होते हुए अस्पताल के सामने मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई. शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, सजे-धजे रथ और बैंड-बाजों की मधुर धुनों ने सभी का मन मोह लिया. झांकियों के माध्यम से भगवान महावीर के जीवन, उनके त्याग, तपस्या और अहिंसा के संदेश को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया. जिसे देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. यात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर श्रद्धा और भक्ति भाव से शोभायात्रा में शामिल हुए. पूरे मार्ग में ‘अहिंसा परमो धर्मः’ और ‘भगवान महावीर की जय’ के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा. शोभायात्रा के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए पानी और शरबत की समुचित व्यवस्था की गई थी. मौके पर उद्योत कोठारी उर्फ बबला बाबू, केदार माधोगड़िया, विनय श्रीमाल, दीनानाथ अग्रवाल, धीरेंद्र यादव, सुनील भंडारी, नरेंद्र खजांची, सुरेंद्र खजांची, अनिल भंडारी, नवीन जैन, अनिल श्रीमाल, राजेश अग्रवाल, बंटी मोहनका, जयप्रकाश भरतिया, सोनू जैन, विक्की खजांची, छोटू जैन, अजीत जैन, सौरभ कोठारी, राजेश पगरिया, संजय पगरिया, अरविंद सिंह, अंकित पगरिया, सुमित पगरिया सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे.
भगवान महावीर जयंती के अवसर पर निकाली गयी शोभायात्रा

भगवान महावीर जयंती के अवसर पर निकाली गयी शोभायात्रा
Copied link
शोभायात्रा का शुभारंभ सुबह 09 बजे स्थानीय जैन मंदिर से किया गया