सड़क निर्माण में हो रहा घटिया सामग्री का उपयोग, ग्रामीणों ने रोका कार्य

मुखिया पति पर ग्रामीणों ने लगाया गंभीर आरोप

– मुखिया पति पर ग्रामीणों ने लगाया गंभीर आरोप त्रिवेणीगंज. प्रखंड क्षेत्र के मयूरवा पंचायत के वार्ड नंबर 05 में ग्राम पंचायत की 15वीं वित्त योजना से बन रही पीसीसी सड़क का निर्माण कार्य ग्रामीणों के विरोध के बाद रोक दिया गया. यह सड़क रामचंद्र यादव के घर से सत्तो यादव के घर तक बनाई जा रही थी. निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाते हुए काम बंद करा दिया. ग्रामीणों ने प्रशासन से जांच की मांग की है. ग्रामीण ललटू कुमार यादव, आशीष कुमार यादव, सिकंदर यादव, बीरेंद्र यादव, उमेश यादव, गुरुदेव कुमार समेत दर्जनों लोगों ने आरोप लगाया कि पंचायत की मुखिया राधा देवी के पति बीरेंद्र साह निर्माण कार्य करवा रहे हैं. लेकिन गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है. निर्माण कार्य में उजला बालू, घटिया सीमेंट और गिट्टी का इस्तेमाल किया जा रहा है. निर्माण सामग्री रात के अंधेरे में मुखिया पति के दरवाजे पर तैयार की जाती है. वहां से ट्रैक्टर के माध्यम से करीब दो से तीन किलोमीटर दूर निर्माण स्थल तक पहुंचाई जाती है. इसके बाद जल्दबाजी में सड़क ढलाई का काम किया जाता है. कार्य स्थल पर योजना से संबंधित कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है. जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि सड़क निर्माण किस योजना के तहत और कितनी लागत से कराया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता जरूरी है. बिना सूचना बोर्ड के कार्य कराना नियमों के खिलाफ है. पंचायत सचिव शिवचंद्र राम ने बताया कि फिलहाल निर्माण कार्य बंद है. मामले की जांच की जाएगी. उन्होंने कहा कि योजना से संबंधित बोर्ड बनवाने के लिए दिया गया है, लेकिन अब तक लगाया नहीं गया है. बताया कि लगभग 07 लाख रुपये की लागत से 15 वीं वित्त आयोग की राशि से इस पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाना है. गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने कहा कि इसकी जांच जेई करेंगे. बीपीआरओ मनीष कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तत्काल निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है. जांच के लिए जेई और पंचायत सचिव को मौके पर भेजा गया है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हो.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >