कड़ी सुरक्षा के बीच नीट-यूजी परीक्षा संपन्न, 1484 में 40 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थी

सुपौल. जिले में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी रविवार को कड़े सुरक्षा इंतजामों और प्रशासन की सतर्क निगरानी में सफलतापूर्वक संपन्न हुई. परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थी. इस महत्वपूर्ण परीक्षा में कुल 1484 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 40 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए. सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज 480 में 11 अनुपस्थित, टीसी उच्च माध्यमिक विद्यालय, चकला (निर्मली) 600 में 17 अनुपस्थित तथा हजारी उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोरावगढ़ 404 में 12 अनुपस्थित पाये गये. सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही. परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्रों के बाहर विशेष ट्रैफिक प्लान भी लागू किया गया था, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षार्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने और परीक्षा से जुड़े सभी नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >