पीएम मोदी के 12 साल कार्यकाल पूरे होने पर वीरपुर में जश्न, भजन-कीर्तन के साथ की दीर्घायु की कामना
भजन-कीर्तन के साथ की गई विशेष प्रार्थना
– मंदिर परिसर में लगाए फलदार पौधे
वीरपुर.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने व देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के उपलक्ष्य में बुधवार को वीरपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया. नगर क्षेत्र के कोसी क्लब स्थित दुर्गा मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना की गई.
12 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के तहत हुआ आयोजन
भाजपा द्वारा चलाए जा रहे 12 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू भी शामिल हुए. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4,399 दिनों का कार्यकाल पूरा कर देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. अब वे भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं. विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और वैश्विक पहचान के नए आयाम स्थापित किए हैं. उन्होंने कामना की कि आने वाले वर्षों में भी प्रधानमंत्री का नेतृत्व देश को मिलता रहे. भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ता रहे.
भजन-कीर्तन के साथ की गई विशेष प्रार्थना
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भजन-कीर्तन कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की प्रार्थना की. मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल के बीच कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र के विकास और समृद्धि के लिए भी मंगलकामनाएं की. इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मंदिर परिसर में फलदार पौधों का भी रोपण किया गया. कार्यकर्ताओं ने पौधों की देखभाल का संकल्प लेते हुए हरित वातावरण बनाने की अपील की. कार्यक्रम में सुपौल नगर परिषद अध्यक्ष राघव झा, विधायक प्रतिनिधि गोपाल आचार्य, भाजपा नगर अध्यक्ष अभय जैन, वीरपुर मुख्य पार्षद सुशील कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष पवन मेहता, सुरेंद्र मेहता, चंदन देव, राजीव रंजन, संजय मांझी, पशुपति प्रसाद गुप्ता, मनीष सिंह, कमल सिंह सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.