जाम से राहत दिलाने को नप की पहल, मुख्य मार्ग पर नो-एंट्री व्यवस्था लागू

सुबह 10 से शाम 08 बजे तक रहेगा प्रतिबंध

– गोल चौक से हटिया चौक तक भारी वाहनों के प्रवेश पर लगी रोक – सुबह 10 से शाम 08 बजे तक रहेगा प्रतिबंध वीरपुर. नगर क्षेत्र में लगातार जाम की समस्या से जूझ रहे वीरपुर वासियों को अब राहत मिलने की उम्मीद है. नगर पंचायत द्वारा गोल चौक से मेन रोड होते हुए हटिया चौक तक जाने वाले मार्ग पर यातायात नियंत्रण के उद्देश्य से नो-एंट्री व्यवस्था लागू कर दी गयी है. इसके तहत भारी वाहनों के प्रवेश पर सुबह 10 बजे से शाम 08 बजे तक प्रतिबंध रहेगा. यह फैसला वीरपुर नगर पंचायत की सामान्य बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया. नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी मयंक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि, नगर में लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई थी, जिससे आमजन को आवागमन में कठिनाई होती थी. बोर्ड की बैठक में इस पर चर्चा हुई और सर्वसम्मति से भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री व्यवस्था को मंजूरी दी गई. गोल चौक व पुरानी बाजार पर लगायी गयी बैरिकेडिंग नगर पंचायत ने गोल चौक के समीप व पुरानी बाजार के मुख्य द्वार पर बैरिकेडिंग की है, ताकि भारी वाहन निर्धारित समय में इन मार्गों से न गुजर सकें. इससे शहर की संकरी सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा और बाजार क्षेत्र में पैदल चलने वालों को राहत मिलेगी. हालांकि यह व्यवस्था फिलहाल पूरी तरह से लागू नहीं हो पाई है. दोनों स्थलों पर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए दो कर्मियों की तैनाती की जानी है, वहीं बैरिकेडिंग पर रेडियम लगाने का कार्य भी शेष है ताकि रात के समय इनकी स्पष्टता बनी रहे. कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि यह कार्य प्रगति पर है और जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा. इस पहल से स्थानीय व्यवसायियों और आम नागरिकों में उम्मीद जगी है कि नगर में अब ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आएगी और सड़कों पर आवाजाही पहले से सहज हो सकेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >