एनएच 327 ई पर व्यापारियों का कब्जा: हाईवे बना गोदाम
ट्रक सीधे सड़क पर खड़े होकर लोड-अनलोड कर रहे हैं, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है और आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ रही है
– रोज मंडरा रहा हादसों का खतरा
कटैया-निर्मली
पिपरा थाना क्षेत्र से गुजरने वाले एनएच 327 ई पर अतिक्रमण अब गंभीर समस्या बन चुका है. निर्मली, कटैया, पथरा, थुमहा, दीनापट्टी समेत दर्जनों जगहों पर सड़क किनारे और कई स्थानों पर सड़क की सीमा तक बालू, गिट्टी, धान, गेहूं, मक्का और बांस के ढेर जमा दिए गए हैं. ट्रक सीधे सड़क पर खड़े होकर लोड-अनलोड कर रहे हैं, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है और आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ रही है.
संकरी सड़क, बढ़ता खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार व्यापारी निर्माण सामग्री और अनाज सड़क किनारे ही गिरा देते हैं. इससे सड़क संकरी हो गई है और वाहन रेंग-रेंगकर निकल रहे हैं. रात और बरसात में स्थिति और खतरनाक हो जाती है. दोपहिया चालक अक्सर बालू पर फिसलकर गिर जाते हैं, जबकि बड़े वाहनों को भी संतुलन बनाए रखने में परेशानी होती है. अंधेरे में गिट्टी-बालू का ढेर दिखता ही नहीं. कई बार बाइक सवार सीधे टक्कर खाकर गिर चुके हैं. हैरानी की बात यह है कि एनएच 327 ई से रोजाना प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी भी गुजरते हैं, फिर भी सड़क पर फैली अव्यवस्था अनदेखी हो रही है. लोगों का आरोप है कि सरकार अतिक्रमण हटाने के बड़े दावे करती है, लेकिन हाईवे को गोदाम बना देना अतिक्रमण नहीं माना जा रहा. सड़क पर इस तरह कब्जा साफ दर्शाता है कि कहीं न कहीं विभागीय अधिकारियों और व्यापारियों के बीच सांठगांठ है.
हादसों को खुला न्योता
बालू, गिट्टी और अनाज की बोरियों से मार्ग संकरा हो गया है. ट्रकों की लोडिंग-अनलोडिंग से बार-बार जाम लग जाता है. बरसात में फिसलन और जल जमाव मिलकर स्थिति और गंभीर बना देते हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते मार्ग खाली नहीं कराया गया तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है.
अविलंब हटाया जाए कब्जा
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि एनएच 327 ई से तुरंत अतिक्रमण हटाए जाएं. सड़क किनारे रखी सामग्री जब्त कर दोषी व्यापारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और नियमित निगरानी बढ़ाई जाए. इस संबंध में अंचलाधिकारी उमा कुमारी ने कहा कि एनएच मार्ग को बाधित करना पूरी तरह गैर-कानूनी है. विभाग से नोटिस मिलने पर प्रशासन कार्रवाई करेगा.