– फांसी लगाकर जीवन समाप्त करने की आशंका रतनपुर. थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर पंचायत के साहेवान वार्ड नंबर 06 में रविवार देर रात एक 19 वर्षीया नवविवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गयी. बताया जा रहा है नव विवाहिता ने फांसी लगा कर इहलीला समाप्त कर ली. इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है. मृतका की पहचान विजय सादा की पत्नी पूजा कुमारी के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही रतनपुर थाना अध्यक्ष पिंटू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया. सोमवार सुबह करीब 10 बजे मृतका के मायके वाले पिपरा थाना क्षेत्र के हटवरिया वार्ड संख्या 15 से पहुंचे. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. उन्होंने बताया कि आखिर पूजा ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका अब तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. परिजनों के अनुसार, रविवार रात दामाद का फोन आया था कि पूजा घर में नहीं मिल रही है. कुछ ही देर बाद सूचना मिली कि उसने फांसी लगा ली है. स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका का पति विजय सादा और उसके ससुर दूसरे प्रदेश में मजदूरी करते हैं, जबकि पूजा अपनी सास के साथ घर पर रहती थी. बताया जा रहा है कि करीब आठ महीने पहले ही पूजा ने प्रेम विवाह किया था. तभी से वह अपने ससुराल में रह रही थी. थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की गहन जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
नव विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत, आठ महीने पहले हुआ था प्रेम विवाह
फांसी लगाकर जीवन समाप्त करने की आशंका
