निर्मली. सुपौल नदी थाना क्षेत्र के बड़हारा गांव में असामाजिक तत्वों ने एक महिला पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल महिला की पहचान बरहाड़ा निवासी अब्दुल वहाब की पत्नी सहना खातून के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार कुछ बदमाश पुरानी रंजिश के चलते महिला के घर में घुसे और अकेली पाकर पहले पिटाई की, इसके बाद गले सहित शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से हमला कर दिया. खून से लथपथ महिला दर्द से तड़पने लगी और मदद के लिए आवाज लगाने लगी. महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली लेकर गए. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही नदी थानाध्यक्ष अमित कुमार ने कार्रवाई शुरू कर दी. उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. परिजनों के बयान और आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. परिजनों ने पुलिस को बताया कि हमलावरों का मकसद महिला की हत्या करना था. फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
