राघोपुर राघोपुर थाना क्षेत्र के एनएच 27 स्थित रामविशनपुर क्रॉसिंग के पास रविवार की रात सड़क हादसे ने 40 वर्षीय शंभू दास की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी. वह रामविशनपुर वार्ड संख्या 03 के निवासी थे और साइकिल से अपने घर लौट रहे थे. जानकारी के अनुसार, शंभू दास हर दिन की तरह सिमराही बाजार से मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रामविशनपुर एनएच 27 क्रॉसिंग के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि उनका सिर फट गया और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने बांस-बल्लों से एनएच 27 को जाम कर दिया, जिससे सड़क पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया. सूचना पाकर राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया. काफी प्रयासों के बाद लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया गया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सुपौल सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक शंभू दास अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे. उनके असमय निधन से पूरा परिवार टूट गया है. पत्नी ममता देवी सदमे में बेसुध हैं, वहीं तीन मासूम बेटे राजा 07, चंदन 06 और दिलखुश 04 अपने पिता की मौत पर बिलख रहे हैं. यह दृश्य हर किसी की आंखें नम कर गया. शंभू के छोटे भाई बद्री कुमार दास ने बताया कि पड़ोसियों से सूचना मिली कि किसी वाहन ने उनके बड़े भाई को टक्कर मार दी है, और वह अब इस दुनिया में नहीं हैं. उन्होंने सरकार से परिवार को आर्थिक सहायता और न्याय की मांग की है. स्थानीय लोगों व परिजनों की मांग है कि प्रशासन मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दे और अज्ञात वाहन चालक की जल्द से जल्द पहचान कर कठोर कार्रवाई करे. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की छानबीन जारी है और दोषी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
