कोसी के तेवर फिर बदले, बराहक्षेत्र में बढ़ा पानी : कोसी बराज के 27 फाटक खुले, बाढ़-कटाव दोनों का डर

नेपाल में बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर फिर बढ़ गया है. बराहक्षेत्र में 1.56 लाख क्यूसेक पानी दर्ज किया गया, जिसके चलते कोसी बराज के 27 फाटकों को खोल दिया गया है. विभाग ने तटबंधों की सुरक्षा के लिए चौकसी बढ़ा दी है.

वीरपुर (सुपौल) : नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश का असर एक बार फिर कोसी नदी के जलस्तर पर दिखने लगा है. सितंबर में जलस्तर के उतार-चढ़ाव को लेकर संवेदनशील माने जाने वाले इस समय बुधवार के बाद गुरुवार को भी नदी के तेवर बदलते रहे. बुधवार को दिनभर जलस्तर में बढ़ोतरी के बाद शाम में पानी घटने लगा था, लेकिन गुरुवार सुबह बराहक्षेत्र में फिर जलस्तर बढ़ने लगा. इससे कोसी तटबंध के अंदर और नदी किनारे बसे लोगों की चिंता बढ़ गयी है.

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कोसी बराज के 56 में से 27 फाटकों को खोल दिया गया है. जल संसाधन विभाग के अनुसार गुरुवार सुबह करीब छह बजे से बराहक्षेत्र में नदी का जलस्तर बढ़ना शुरू हुआ. सुबह बराहक्षेत्र में कोसी का जलस्तर करीब 1.56 लाख क्यूसेक बढ़ते क्रम में दर्ज किया गया, जबकि कोसी बराज का जलस्तर 2,04,850 क्यूसेक घटते क्रम में रहा.

तटबंध सुरक्षित, विभाग अलर्ट

जलस्तर में लगातार हो रहे बदलाव के बीच जल संसाधन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है. विभागीय अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और तटबंधों की सुरक्षा को लेकर तत्काल चिंता की बात नहीं है.

जल संसाधन विभाग के बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण, वीरपुर के मुख्य अभियंता संजीव शैलेश ने बताया कि कोसी नदी के दोनों तटबंधों के सभी स्पर अपने अवयवों के साथ फिलहाल सुरक्षित हैं. तटबंधों की सुरक्षा को लेकर अभियंता लगातार निगरानी कर रहे हैं.

संवेदनशील जगहों पर विशेष चौकसी

मुख्य अभियंता ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर तैनात अभियंताओं और कर्मियों को विशेष रूप से सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है. जलस्तर बढ़ने या घटने के दौरान तटबंधों पर पड़ने वाले दबाव की लगातार निगरानी की जा रही है. विभाग संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार है.

बढ़ते पानी से चिंता, घटने पर कटाव का डर

कोसी के जलस्तर में अचानक हो रहे बदलाव से तटबंध के अंदर बसे लोगों की बेचैनी बढ़ गयी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सितंबर में कोसी का मिजाज लगातार बदलता रहता है. जलस्तर बढ़ने पर बाढ़ का डर सताता है, जबकि पानी घटने के साथ कई जगह कटाव की आशंका बढ़ जाती है.

फिलहाल विभाग की नजर बराहक्षेत्र के जलस्तर और कोसी बराज से पानी के डिस्चार्ज पर बनी हुई है.

यह भी पढ़ें : वीरपुर में दशहरा से पहले खुलेगा मानसरोवर झील का द्वार, जल्द शुरू होगी बोटिंग

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार झा

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >