कोसी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की चतुर्थ वार्षिक आमसभा सम्पन्न

आमसभा की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष देव नारायण यादव ने की

– वर्ष 2024-25 में संघ को 7.14 करोड़ रुपये का हुआ मुनाफा सुपौल. स्थानीय टाउन हॉल में शनिवार को कोसी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की चतुर्थ वार्षिक आमसभा हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया. आमसभा की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष देव नारायण यादव ने की. इस अवसर पर निदेशक मंडल के सदस्य, संबंधित समितियों के अध्यक्ष, प्रबंध निदेशक, कॉम्फेड पटना के प्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक उपस्थित रहे. अपने अध्यक्षीय संबोधन में देव नारायण यादव ने कहा कि कोसी दुग्ध संघ प्रारंभिक वर्षों में घाटे में था. किंतु सभी के सतत प्रयास, बेहतर प्रबंधन एवं कड़ी मेहनत के परिणामस्वरूप संघ ने सभी पुराने घाटों की भरपाई करते हुए वर्ष 2024-25 में आयकर भुगतान के बाद 7.14 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है. संघ के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार ने अपने संबोधन में संघ की वर्तमान गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि संघ की दुग्ध संकलन क्षमता को 01 लाख लीटर प्रतिदिन से बढ़ाकर 02 लाख लीटर प्रतिदिन करने हेतु नई परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है. जिसका शिलान्यास सीएम नीतीश कुमार द्वारा किया जा चुका है. कहा कि बिहार सरकार की सहायता से संघ में 10 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता का नया संयंत्र स्थापित करने की स्वीकृति दी गई है. जिसकी अग्रेतर कार्रवाई कॉम्फेड, पटना द्वारा की जा रही है. इसके अतिरिक्त कोसी क्षेत्र के बुधमा, मधेपुरा जिले में 50 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता के दुग्ध शीतलीकरण संयंत्र के निर्माण कार्य की जानकारी भी दी गई. कार्यक्रम में “जीविका दीदी” परियोजना के अंतर्गत महिलाओं को दुग्ध संग्रह से जोड़ने, महिला समितियों के गठन तथा एनपीडीडी योजना के अंतर्गत 90 प्रतिशत अनुदान पर 100 महिला समितियों के सशक्तिकरण की जानकारी दी गई. कॉम्फेड, पटना के प्रतिनिधि ज्ञानशंकर ने दुग्ध उत्पादकों के सर्वांगीण विकास के लिए महासंघ की प्रतिबद्धता दोहराई. प्रश्नोत्तर काल में दुग्ध उत्पादकों एवं समिति अध्यक्षों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए गए. अंत में संघ के अध्यक्ष द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के पश्चात आमसभा की समाप्ति की घोषणा की गई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >