तेज रफ्तार बाइक पेड़ और सीमांकन पिलर से टकराई, एक की मौत; दूसरा गंभीर घायल

सुपौल के जदिया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ और सीमांकन पिलर से जा टकराई. इस हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजा गया.

जदिया (सुपौल). जदिया थाना क्षेत्र के परसागढ़ी उत्तर पंचायत अंतर्गत बिरंची कामत हाट के समीप शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद जमीन के सीमांकन के लिए लगाए गए पिलर से जा भिड़ी. हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घायल को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज भेजा गया.

पेड़ से टकराने के बाद सीमांकन पिलर से भिड़ी बाइक

बताया गया कि बाइक पर दो लोग सवार थे और वे पूरब दिशा से तेज गति से आ रहे थे. बिरंची कामत हाट के समीप पहुंचते ही बाइक अचानक अनियंत्रित हो गयी. चालक बाइक को संभाल पाता, इससे पहले बाइक सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गयी. पेड़ से टकराने के बाद बाइक सवार सड़क किनारे जमीन के सीमांकन के लिए लगाए गए पिलर से जा भिड़े. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार भुट्टो ऋषिदेव की मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी.

अररिया के रहने वाले थे मृतक, ससुराल में ही बना लिया था ठिकाना

मृतक की पहचान अररिया जिले के सिमराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत टेरही मुसहरी निवासी भुट्टो ऋषिदेव के रूप में हुई है. बताया गया कि उनकी शादी बघेली पंचायत में हुई थी. शादी के बाद से वह बघेली में ही रह रहे थे.

कुछ वर्ष पूर्व पत्नी की मृत्यु हो जाने के बाद भी उन्होंने ससुराल में रहना जारी रखा. रिश्तेदारों के अनुसार उन्होंने बघेली पंचायत के पते पर अपना आधार कार्ड भी बनवा लिया था.

रिश्ते में लगने वाला साला भी गंभीर रूप से घायल

हादसे में भुट्टो ऋषिदेव के रिश्ते में लगने वाले साला और बघेली पंचायत के वार्ड नंबर-5 निवासी रूपेश कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गये. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घायल को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज भेजा.

मेहमानी में जाने की बात कहकर घर से निकले थे

परिजनों के अनुसार शुक्रवार की सुबह भुट्टो ऋषिदेव घर से किसी रिश्तेदार के यहां मेहमानी में जाने की बात कहकर निकले थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर बाद उनकी मौत की खबर घर पहुंचेगी. सड़क हादसे में अचानक मौत की सूचना मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही जदिया थाना के सहायक अवर निरीक्षक अमित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने हादसे की जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया गया. दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By उमेश कुमार यादव

उमेश कुमार यादव प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. जदिया (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >