नगर परिषद की सामान्य बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, होल्डिंग टैक्स पर जागरूकता और स्मार्ट लाइटिंग सिस्टम पर चर्चा

30 जून 2025 तक टैक्स जमा करने वाले नागरिकों को 05 प्रतिशत की छूट दी जाएगी. 30 जून के बाद प्रत्येक वार्ड में 03 से 05 दिनों तक विशेष शिविर लगाकर टैक्स संग्रहण किया जाएगा

– मुख्य पार्षद की अध्यक्षता में हुई बैठक सुपौल नगर परिषद सभागार में शुक्रवार को मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा ””राघव”” की अध्यक्षता में वार्ड पार्षदों की एक सामान्य बैठक आयोजित की गई. बैठक में होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस और नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गहन समीक्षा की गई. साथ ही, शहर की स्ट्रीट लाइटिंग व्यवस्था को स्मार्ट बनाने को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई. मुख्य पार्षद श्री झा ने पार्षदों को संबोधित करते हुए कहा कि होल्डिंग टैक्स एक सिर्फ सेवा कर है, जिसे नागरिकों के लिए सरल और पारदर्शी बनाया गया है. अब स्वघोषित प्रमाण पत्र, वंशावली, बटवारानामा जैसे दस्तावेजों के आधार पर टैक्स जमा किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि 30 जून 2025 तक टैक्स जमा करने वाले नागरिकों को 05 प्रतिशत की छूट दी जाएगी. 30 जून के बाद प्रत्येक वार्ड में 03 से 05 दिनों तक विशेष शिविर लगाकर टैक्स संग्रहण किया जाएगा. साथ ही, श्री झा ने मकान निर्माण के लिए अनिवार्य नक्शा पास कराने पर जोर दिया. बिना नक्शे के निर्माण करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. बैठक में ईओ देवर्षी रंजन, शालू सिंह, मनीष सिंह, गगन ठाकुर, राजा हुसैन, मो. जावेद अख्तर, राजकिशोर कामत, शंकर राम, शिवराम यादव, ज्योति सिंह, शिवनंदन कामत, रेणु देवी, मिथिलेश कुमार, राजेश ठाकुर, संदीप ठाकुर, प्रतिनिधि सुनील सिंह, अमित झा, बद्री ठाकुर सहित नगर परिषद कर्मी प्रमोद कुमार, शशि कुमार, नीतीश कुमार, अशजद आलम, विशुनदेव कामत आदि उपस्थित रहे. ट्रेड लाइसेंस नहीं लेने वाले दुकानदारों पर होगी कार्रवाई मुख्य पार्षद ने कहा कि शहर में कई दुकानदार ऐसे हैं जिन्होंने ट्रेड लाइसेंस नहीं लिया है, या लेकर भी फीस जमा नहीं की है. ऐसे दुकानों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी. पार्षदों से आग्रह किया गया कि वे अपने-अपने वार्ड में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करें और समयसीमा के भीतर कार्य पूरा कराने के लिए संवेदकों से संपर्क बनाए रखें. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि काम की अवधि का विस्तार किसी भी परिस्थिति में नहीं किया जाएगा. श्री झा ने शहर में हो रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता जांच को लेकर पांच सदस्यीय कमेटी के गठन की घोषणा की. यह समिति संवेदकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता का मूल्यांकन करेगी. स्ट्रीट लाइटिंग में स्मार्ट सिस्टम पर विचार बैठक में हाई मास्ट व स्ट्रीट लाइटों के संचालन को स्मार्ट बनाने के लिए सेंस नट्स कंपनी के प्रतिनिधियों ने एक डेमो सेशन प्रस्तुत किया. उन्होंने बताया कि एक स्मार्ट सिस्टम से पूरे शहर की स्ट्रीट लाइट को रिमोटली नियंत्रित किया जा सकता है, जिससे बिजली की अनावश्यक खपत रोकी जा सकेगी और संचालन में समय की बचत भी होगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >